Advertisement

प्रबंधन की मिन्नत अनशनकारियों पर बेअसर, दूसरे दिन भी अनशन जारी

अनशनकारी बुधन प्रजापति की हालत बिगड़ी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के स्वांग वाशरी अवार्डी द्वारा बीते 18 सितंबर से जारी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन दूसरे दिन 19 सितंबर को भी जारी रहा। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधन के मिन्नतो का अनशनकारियों पर असर नहीं दिखा, जबकि अनशन कर रहे एक मजदूर की हालत पुनः बिगड़ गयी।

इस बावत जानकारी देते हुए अवार्डी मजदूरों के आमरण अनशन का नेतृत्व कर रहे झामुमो नेता मुमताज आलम ने बताया कि दूसरे दिन संध्या क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार अनशन स्थल पर पहुंचे। महाप्रबंधक के साथ अमलाधिकारी मानव संसाधन माधुरी मडके, प्रबंधक मानव संसाधन सह नोडल अधिकारी समविराज सिंह, सहायक प्रबंधक एचआर सूर्य प्रताप सिंह, अमलाधिकारी सुरक्षा सुनील कुमार गुप्ता आदि शामिल थे।

आलम ने बताया कि महाप्रबंधक द्वारा नियोजन संबंधी समस्या समाधान को लेकर वार्ता करने तथा अनशन समाप्त करने की मिन्नत की गयी, लेकिन अनशनकारियों पर इसका कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि प्रबंधन के आग्रह पर महाप्रबंधक कार्यालय सभागार में उन्होंने वार्ता की। बावजूद इसके प्रबंधन के अड़ियल रवैये के कारण उन्होंने वार्ता बीच में ही छोड़ दिया। बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा वार्ता के क्रम में एक बार फिर अवार्डी मजदूरों के नियोजन देने मामले में विधिक सलाह के लिए दस दिनों की मोहलत मांगी गयी, जिसे अनशनकारियों ने ठुकरा दिया है और नियोजन दो अथवा मौत दो के तहत अनशन जारी रखा है।

आलम ने बताया कि 20 सितंबर के अहले सुबह लगभग चार बजे अनशनकारी बुधन प्रजापति की हालत बिगड़ गयी है और वे बेहोश होकर अनशन स्थल पर हीं गीर गये है। ज्ञात हो कि अनशन आंदोलन के दूसरे दिन दोपहर क्षेत्रीय अस्पताल कथारा की मेडिकल टीम द्वारा सभी चालीस अनशनकारियों की चिकित्सा जांच की गयी थी। जिसमें सभी अनशनकारी की हालत नार्मल बताया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *