Advertisement

अर्धरात्रि घर से लापता दिव्यांग का शव बालिडीह कूलिंग पौंड से बरामद

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के अंगवाली रहिवासी मुकुंद महतो उर्फ मोकन के 35 वर्षीय दिव्यांग पुत्र शुभकांत महतो का शव जिला के हद में बीएसएल के बालिडीह कुलिंग पौण्ड से बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार बालिडीह थाना की पुलिस द्वारा तेनु-बोकारो नहर के कूलिंगपौंड से 18 सितंबर को ही बरामद किया गया था। मृतक के पिता मुकुंद के अनुसार बीते 17 सितंबर विश्वकर्मा पूजा की आधी रात को ही शुभकांत अपने बिस्तर से गायब था। परिजनों द्वारा 18 सितंबर तक उसकी काफी खोज के बाद उसके गायब होने की लिखित सूचना पेटरवार थाने को दी गई।

दूसरी ओर बालीडीह थाने की पुलिस द्वारा कूलिंग पौंड से बरामद शव को अज्ञात मानकर सुरक्षित रखा गया और कई मोबाईल ग्रुपों में बरामद शव का फोटो डाला गया। बताया जाता है कि 19 सितंबर को प्रातः युवक को परिजनों ने बालीडीह थाना पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पेटरवार थाना को भी शव मिलने की जानकारी दे दी गई।

दूसरी ओर बालीडीह पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल चास में कराया गया। अंतिम संस्कार चास स्थित गरगा नदी तट श्मशान घाट में परिजनों द्वारा किया गया। शुभकांत के मौत के बाद परिवार में मातम छाया है।मुखिया धर्मेंद्र कपरदार सहित मुहल्ले वालों ने दिव्यांग शुभकांत के मौत पर शोक व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *