एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बीते 17 सितंबर को जिला के हद में चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के न्यू पिपराडीह मिलन चौक के समीप विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में चन्द्रपुरा, दुग्दा और बोकारो झरिया थाना की टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के अनुसार 17 सितंबर की संध्या लगभग 6:50 बजे जांच के दौरान वाहन क्रमांक-WB09/0454 नंबर की एक सफेद मारुति सुजुकी कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें सवार दो युवक भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान शंकर कुमार दास और मुकेश यादव के रूप में हुई। बताया कि तलाशी में मुकेश यादव के पास से एक रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
वहीं, शंकर कुमार दास के पास से 12 इंच लंबा धारदार भुजाली और एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चन्द्रपुरा रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों से लूटपाट की योजना बना रहे थे। गहन पूछताछ में आरोपी शंकर ने बताया कि उसके साथियों उमेश दास, दिलीप कुमार महतो, छोटु विश्वकर्मा और राजेश करमाली ने मिलकर बीते माह 22 जुलाई को मदनपुर गाँव से एक ट्रैक्टर चोरी की थी। बाद में उक्त ट्रैक्टर को प्रमोद साव नामक कबाड़ी को बेच दिया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया और गिरोह के सभी छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश यादव, शंकर कुमार दास, दिलीप महतो, उमेश दास, राजेश करमाली और प्रमोद साव शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पुलिस गिरफ्त में आये सभी छहो आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। जिसमें चोरी, रंगदारी, डकैती और हथियारबंद हमले के कई मामले दर्ज हैं।
इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक नवल किशोर सिंह, चन्द्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार और बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह ने नेतृत्व किया। पुलिस ने बरामदगी में एक रिवॉल्वर, एक जिंदा गोली, एक धारदार हथियार, तीन मोबाइल, चोरी की मारुति कार और ट्रैक्टर की बरामदगी की पुष्टि की है।
![]()













Leave a Reply