Advertisement

गुवा एवं आसपास धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा एवं आसपास के क्षेत्र में बीते 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सुबह से ही पूजा पंडालों और कार्यस्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरण किया। वहीं सेल गुवा क्षेत्र में भी विश्वकर्मा पूजा पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। माईंस के लगभग हर जगह बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित किया गया।

जानकारी के अनुसार सेल गुवा के साइजस्क्रीन, मोटर वाइंडिंग सेक्शन, सिविल ऑफिस, स्टोर, खदान क्षेत्र, जीरो पॉइंट में आयोजित पूजा में श्रमिकों में काफी उत्साह देखा गया। दूसरी ओर महिला समिति द्वारा आशा हस्तकरघा केंद्र में महिला समिति की महिलाएं एकजुट हो भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। सच्चाई यह रही कि मजदूरों और कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर मशीनों और उपकरणों की पूजा कर कार्यस्थल की सुरक्षा और उन्नति की कामना की।

वहीं गुवा बाजार क्षेत्र में भी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया और दिनभर ग्राहकों के बीच प्रसाद वितरण किया। पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संध्या बेला में श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं प्रगति की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *