Advertisement

नारी सशक्त होगी तो समाज, परिवार, समाज व् देश मजबूत होगा-सांसद

नारी सशक्तिकरण से सही मायने में हमारा समाज स्वस्थ व् राष्ट्र मजबूत होगा-विधायक

सदर अस्पताल में स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम का उद्घाटन सदर अस्पताल बोकारो के सभागार में 17 सितंबर को मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया।

उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विशिष्ट अतिथि बोकारो विधायक श्वेता सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार शामिल हुई। अतिथियों का स्वागत पौधे देकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिभाषण के पश्चात अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद अपने संबोधन में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का संचालन धरातल तक पहुंचाने की रूपरेखा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से आगामी 2 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी महिलाओं के लिए चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य सेवाए, नागरिकों की सक्रीय भागीदारी, स्वस्थ्य जीवन शैली और स्वास्थ्य मानकों को बनाए रखना एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं को उपलब्ध कराना है।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का मुख्य लक्ष्य बच्चों और नारियों पर आधारित है। इस अभियान की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश से की है। इसके तहत देशभर में लगभग एक लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बोकारो जिले में सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से कुल 170 शिविर एवं सभी गैर सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं द्वारा कुल 70 शिविर लगाए जाएंगे।

इसकी शुरुआत 17 सितंबर से हो गया है, जो आगामी 02 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत बोकारो जिले में कुल 170 प्लस शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी पदाधिकारी मिशन मोड में कार्य करेंगे। साथ ही हर एक ऑफिसर एवं स्टाफ की भी भागीदारी रहेगी। साथ ही बताया कि इस अभियान के तहत जिले के महिलाओं का स्क्रीनिंग एवं इलाज करेंगे। साथ ही बच्चों के पोषण पर भी ध्यान रहेगा। कहा कि जिले के महिलाओं व् बच्चों को हेल्दी बनाएंगे। इसी के तहत सशक्त परिवार से साथ साथ सशक्त समाज बनाएंगे।

विशिष्ट अतिथि बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने सांसद को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए साधुवाद दी। साथ ही कहा कि स्वस्थ, नारी सशक्त परिवार अभियान को सफल बनाना है तो इसकी शुरुआत यहीं से करनी है, क्योंकि जड़ यही है। जब तक हम भीतर से नारी स्वस्थ नहीं होंगे, तो उसे जीव को जो हम धरती पर लाते हैं, उसे सही मायने में मानव नहीं बना पाते हैं। कहा कि बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर तो बना देते हैं, पर सही रूप में मानव नहीं बना पाते है। उन्होंने कहा कि जब नारी स्वस्थ होगी तो सही मायने में हमारा समाज स्वस्थ होगा और इससे हमारा राष्ट्र भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त समाज का निर्माण तभी सम्भव है जब उससे सम्बन्धित सरकार द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी योजनाओं व स्वास्थ्य सुविधओं का लाभ उनतक पहुंचेगा। तभी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम का उद्देश्य पूरा होगा।

मुख्य अतिथि धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। यह महत्वकांक्षी अभियान जो 17 सितंबर से आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक प्रत्येक दिन नारी को स्वस्थ व सशक्त करने हेतु अलग-अलग गतिविधियां की जानी है। कहा कि उपस्थित सभी स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं साहियाओं से अनुरोध होगा कि वे अभियान की रूपरेखा के अनुसार सभी सुविधाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य करें और स्वस्थ् नारी, सशक्त समाज के निमार्ण में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि नारी सशक्त होगी तो समाज सशक्त होगा। परिवार सशक्त होगा, तो समाज सशक्त होगा। समाज सशक्त होगा तो देश मजबूत होगा। इसलिए इस अभियान से सभी जुड़े तथा इस अभियान को मजबूती के साथ समाज के बीच ले जाने का कार्य करें।
कार्यक्रम के अन्त में सांसद, विधायक, उप विकास आयुक्त एवं सिविल सर्जन द्वारा जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

ज्ञात हो कि, इस अभियान के तहत 17 सितंबर से आगामी 2 अक्टूबर तक समुदाय स्तर पर विभिन्न प्रकार की सघन स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच किया जाएगा। स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत तिथिवार 18 सितंबर को टीकाकरण, 19 सितंबर को गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं उपचार, 20 सितंबर को मानसिक स्वास्थ्य जांच, 21 सितंबर को एनिमिया, राष्ट्रीय शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मासिक स्वच्छता सम्बन्धित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

वहीं आगामी 22 सितंबर को एएनसी जांच, 23 सितंबर को सिकलसेल एनिमिया एवं ब्लड डोनेशन कार्यक्रम, 24 सितंबर को ट्यूबरक्लोसिस ब्रोनकाइटिस (टीबी) मरीजों की पहचान व उपचार, 25 सितंबर को पोषण संबंधित जागरूकता कार्यक्रम तथा आगामी 26 से 2 अक्टूबर तक सभी का उपचार के साथ-साथ फालोअप कार्यक्रम किया जाना है। मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एनपी सिंह, स्वास्थ्य विभाग कर्मी के अलावा सहिया दीदी आदि उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *