विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। स्वच्छता ही सेवा राष्ट्रव्यापी अभियान का आयोजन बोकारो जिला के हद में साड़म में किया गया, जिसके मुख्य अतिथि राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद एवं बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा थे।
जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को गोमियां प्रखंड के साड़म में स्वच्छता ही सेवा राष्ट्रव्यापी अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा मद्य निषेध एवं उत्पाद मंत्री एवं बोकारो जिला उपायुक्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। यहां मंत्री योगेंद्र प्रसाद का भव्य स्वागत कर गुलदस्ता भेंट किया गया। मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। यह अभियान हर वर्ष 17 सितंबर से गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर तक चलाया जाता है। कहा कि इसका उद्देश्य स्वच्छ और स्वस्थ भारत का निर्माण करना है। इस दौरान मंत्री ने जल सहिया को शाल भेंट कर सम्मानित किया। कई लाभुकों को 12 हजार रुपये का चेक भी वितरित किया।

कार्यक्रम में बोकारो जिला उपायुक्त ने कहा कि जिले को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभियान चलाए जा रहे हैं। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक इस अभियान को स्वच्छोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
मौके पर गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो, अपर समाहर्ता मुमताज आलम, ज़िला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह, मुखिया पार्वती देवी, सावित्री देवी, अनारकली, कांग्रेस जिला महासचिव रामकिसुन रविदास, झामुमो पंचायत अध्यक्ष टुनटुन राम, वार्ड सदस्य कुंदन कुमार समेत दर्जनों जल सहिया मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply