मजदूर हित एवं संगठन की मजबूती के लिए करें कार्य-कुमार जयमंगल
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय श्रम संगठन इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष सह बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह ने 15 सितंबर को संगठन से जुड़े कोयलांचल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उक्त बैठक बोकारो जिला के हद में ढोरी स्टाफ क्वाटर स्थित विधायक आवासीय कार्यालय में आयोजित किया गया।
बैठक में राकोमयू अध्यक्ष सह बेरमो विधायक सिंह ने आवश्यक बैठक में यूनियन की मजबूती, मजदूरों के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। साथ हीं उन्होंने दुर्गा पूजा से पहले क्षेत्रीय व् परियोजना प्रबंधन से मिलकर क्षेत्र के सभी सड़को एवं कॉलोनी की सफाई एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में शामिल यूनियन के पदाधिकारियों को उन्होंने कहा कि प्रत्येक एरिया में महाप्रबंधक के साथ श्रमिक समस्याओं पर चर्चा में वे भाग लेंगे, उसके पहले रीजनल अध्यक्ष व सचिव हर क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं की सूची तैयार करने का कार्य करें। किसी भी स्थिति में निष्क्रिय पदाधिकारी बक्शे नहीं जाएंगे। कहा कि शाखा एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रत्येक माह बैठक सुनिश्चित करें। सभा पुस्तिका में बैठक की कार्रवाई को सूचीबद्ध करें। प्रत्येक तीन माह में वे स्वयं प्रगति रिपोर्ट का मूल्यांकन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मजदूरों के सुख-दु:ख में यूनियन अपने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर कार्य करें। आपके कार्य प्रणाली से ही मजदूर संगठन के साथ जोड़कर अपने हित की रक्षा करेंगे। इस कड़ी में आगामी 20 सितंबर को कथारा क्षेत्रीय स्तर पर श्रमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें रीजनल अध्यक्ष श्यामल सरकार, रीजनल सचिव कुमार महेश सिंह अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
इस अवसर पर राकोमयू सीसीएल रीजनल अध्यक्ष सरकार व् रीजनल सचिव सिंह ने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष के दिशा निर्देश के आलोक में संगठन की मजबूती के लिए उनके द्वारा हर संभव प्रयास होगा। कहा गया कि पूरे सीसीएल के मैन पावर में 50 परसेंट से ऊपर उनकी यूनियन की सदस्य संख्या को सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर हरेंद्र कुमार सिंह, सुबोध सिंह पवार, अजय कुमार सिंह, दिगंबर महतो, गणेश मल्लाह, कमलकांत सिंह, सुरेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
![]()













Leave a Reply