आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल से मिले सजा-सुरेंद्र
प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। अवैध शराब कारोबारियों के हमले में घायल समस्तीपुर जिला के हद में मोरवा प्रखंड के बनवीरा रहिवासी भाकपा माले प्रखंड सचिव अजय कुमार राय की मौत 12 सितंबर की सुबह हो गई।
माले नेता राय की मौत की खबर सुनते हीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चहुंओर से ग्रामीण मृतक के घर की ओर अंतिम दर्शनार्थ पहुंचने लगे। रहिवासियों के चेहरे पर शराब माफियाओं के खिलाफ आक्रोश झलक रहा था।
मौके पर पुलिस पहुंचकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम में लेट लतीफी की जानकारी मिलने पर भाकपा माले समस्तीपुर जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला कमिटी सदस्य महेश कुमार, लोकेश राज आदि ने सदर अस्पताल पहुंचकर संबंधित चिकित्सक एवं कर्मी से मिलकर जल्द पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन अपने घर ले गये, जहां स्थानीय श्मशान में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
विदित हो कि भाकपा माले मोरवा प्रखंड सचिव अजय कुमार राय क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों का विरोध किया करते थे। इनके विरोध के कारण कई जगह पर छापेमारी की गई थी। कई आरोपियों को जेल जाना पड़ा था। बताया जाता है कि राय की हरकत से खार खाये शराब कारोबारियों ने बीते माह 20 अगस्त को लाठी-डंडे, लोहे के राॅड तथा ईंट से जानलेवा हमला कर दिया था। जिसे लेकर मोरवा थाना में कांड क्रमांक 148/25 दर्ज किया गया था। लेकिन उक्त मामले में पुलिस द्वारा अबतक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है।
बताया जाता है कि हमले में मरनासन्न अजय का ईलाज बिहार की राजधानी पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में चल रहा था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। राय की मौत के बाद भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने घटना में शामिल तमाम आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने, स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा देने, मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा देने, अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply