Advertisement

यात्री सुविधा व् रेलवे राजस्व वृद्धि की दिशा में सोनपुर मंडल का बड़ा कदम-एनएफआर

सोनपुर रेल मंडल में स्टॉल एवं डिजिटल विज्ञापन के लिए निविदा आमंत्रण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा नॉन फेयर रेवेन्यू (एनएफआर) के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा देते हुए विभिन्न परियोजनाओं की निविदा जारी की गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करना एवं रेलवे को अतिरिक्त राजस्व अर्जित करना है।

जानकारी के अनुसार सोनपुर रेल मंडल के नवगछिया स्टेशन के एप्रोच रोड पर यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए कुल 100 नॉन फेयर रेवेन्यू स्टॉल स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इन स्टॉल्स से यात्रियों को खान-पान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं अन्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। इसके लिए निविदा की तिथि आगामी 17 सितंबर और अनुबंध की अवधि 3 वर्ष निर्धारित की गई है।

इसी तरह सोनपुर मंडल ने हाजीपुर एवं बरौनी स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सूचना प्रणाली उपलब्ध कराने की दिशा में एक और पहल करते हुए डिजिटल विज्ञापन (कोच इंडिकेशन बोर्ड्स) निविदा आमंत्रित की है। इसके तहत यात्रियों को ट्रेन और कोच संबंधी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी, साथ ही रेलवे को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी। इसके लिए भी 17 सितंबर प्रातः 11 बजे निविदा तिथि निर्धारित की गई है, जिसके अनुबंध की अवधि 5 वर्ष होगी।

रेल सूत्र के अनुसार इन परियोजनाओं से न केवल रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रेलवे को स्थायी राजस्व वृद्धि भी होगी। यह कदम सोनपुर रेल मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि यात्रियों की सुविधा एवं रेलवे के विकास को साथ-साथ बढ़ाया जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *