एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बीते दिनों बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा किए गये आपत्तिजनक नारा लगाने की घटना को लेकर पुलिसिया कार्रवाई में अपना नाम आने से घबड़ाए असामाजिक तत्वों द्वारा एक निजी न्यूज चैनल लाइव इलेवन के संपादक पर पुलिस को नाम देने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया गया। संपादक ने किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अपनी जान बचाई। घटना बीते 8 सितंबर की रात्रि 10 बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में संपादक शमशेर आलम ने पेटरवार थाना में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व् सुरक्षा की गुहार लगायी है।
संपादक शमशेर आलम द्वारा 9 सितंबर को पेटरवार पुलिस को दिए आवेदन में कहा गया है कि बीते 8 सितंबर की रात्रि लगभग 10 बजे जब वह थाना क्षेत्र के खेतको स्थित दरगाह मोहल्ला के समीप गाड़ी खड़ी कर अपने घर जा रहे थे कि तभी वहां पुर्व से उपस्थित स्थानीय रहिवासी आफताब आलम, सरमद अंसारी, असगर अली तथा नौशाद अंसारी ने उसे घेरकर बेरमो थाना में आपत्तिजनक नारो में उसका नाम डालने का आरोप लगाते हुए उसके साथ धक्का मुक्की की तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
इस दौरान आरोपी सरमद ने उसके पॉकेट से उसका आई कार्ड निकालकर तोड़ दिया साथ हीं नगदी 19 हजार छीन लिए। संपादक शमशेर के अनुसार इस दौरान आरोपी नौशाद व् असगर ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए उसका कपड़ा फाड़ने का असफल प्रयास किया। जबकि आरोपी आफताब ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बताया कि मारपीट की घटना के दौरान सभी आरोपी घातक हथियारों से लैस थे। उन्होंने बताया कि मारपीट के दौरान शोरगुल सुनकर मुहल्लेवासी इकट्ठा हो गये, जिससे घबराकर सभी आरोपी वहां से फरार हो गये।
इस संबंध में पेटरवार थाना प्रभारी राजु कुमार मुंडा ने दूरभाष पर बताया कि 9 सितंबर की सुबह संपादक द्वारा शिकायत दी गयी है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। साथ हीं पीड़ित को समुचित सुरक्षा मुहैया कराया जायेगा। निजी चैनल के संपादक के साथ घटित घटना से क्षेत्र के पत्रकारों में रोष देखा जा रहा है। पत्रकारों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। दूसरी ओर संपादक आलम ने 9 सितंबर की देर संध्या बताया कि मामला दर्ज होने के बाद एक अन्य आरोपी द्वारा उसे पुनः खुली धमकी दी गयी है। जिसकी सूचना उन्होंने बेरमो के एसडीपीओ को दे दी है।
![]()













Leave a Reply