Advertisement

समस्तीपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बना निवास प्रमाण-पत्र

चुनाव आयोग ने निवास प्रमाण-पत्र को माना वैध दस्तावेज, वह बना मजाक का पात्र-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। यह बिहार है। यहां सबकुछ संभव है। चाहे डॉग बाबू हो या डोनाल्ड ट्रंप, अथवा कोई और….। सबका निवास प्रमाण पत्र बनना संभव है। यह हम नहीं, बल्कि यह आयोग द्वारा निर्गत पत्र खुद बयां कर रहा है। हाल हीं में जारी पत्र के अनुसार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का निवास बिहार के समस्तीपुर जिला के हद में शाहपुर पटोरी अनुमंडल के मोहिउद्दीननगर अंचल के हसनपुर वार्ड क्रमांक-13 बताया गया है।

चुनाव आयोग द्वारा जिस निवास प्रमाण पत्र को वैध दस्तावेज माना गया, वह अब धीरे-धीरे हंसी का पात्र बनता जा रहा है। हाल ही में डाॅग बाबू का बना निवास प्रमाण पत्र का मुद्दा अभी ठंढ़ा भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर के मोहीउद्दीननगर प्रखंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बना निवास प्रमाण पत्र चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस मामले में जितनी मूंह उतनी बातें की जा रही है।

जानकर बताते हैं कि किसी ने डोनाल्ड ट्रम्प के नाम से आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया। आरटीपीएस काउंटर बजाप्ता बीते माह 29 जुलाई 2025 को BRCCO/2025/17989735 नंबर एलाॅट कर प्रमाण-पत्र बनाने का प्रक्रिया पूरा कर दिया, जबकि संबंधित अधिकारी चुप हैं। इस मामले में अन्य जानकारों का कहना है कि बजाप्ता आवासीय प्रमाण बनाकर जारी कर दिया गया है जो पूर्णरूपेण जांच का विषय है।

समस्तीपुर के चर्चित आंदोलनकारी सह भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने उक्त प्रमाण पत्र मामले पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए 5 अगस्त को कहा कि चुनाव आयोग जिस आवासीय प्रमाण पत्र को वैध दस्तावेज मान रही है, उसे मज़ाक का पात्र बना दिया गया है। हालांकि उन्होंने कहा है कि इसकी खामियां जनता को ही भुगतना पड़ेगा। माले नेता ने संपूर्ण मामले की जांच कर प्रमाण-पत्र निर्गत मामले में शामिल तमाम अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *