नौलखा मंदिर में पांच दिवसीय झूला महोत्सव का शुभारंभ
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व विख्यात हरिहर क्षेत्र के श्रीगजेन्द्रमोक्ष देवस्थानम् नौलखा मन्दिर में श्रावण के चतुर्थ सोमवार 4 अगस्त को पांच दिवसीय झूला महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार 4 अगस्त की संध्या बेला से श्रावणी पूर्णिमा तक मनाए जाने वाले इस झूला महोत्सव के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए हरिहरक्षेत्र पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान कृष्ण की लीलाओं का उत्सव मनाने का यह एक अद्भुत दिन है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में यह उत्सव भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में रहने वाले वैष्णव भी पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाते हैं।

आरती, झूलनोत्सव के साथ भजन कीर्तन का भी आयोजन
झूलनोत्सव के प्रथम दिन 4 अगस्त की संध्याकालीन बेला में महिलाओं की भक्त मंडली ने अपने भजन से उत्सव को राधा -कृष्ण के रंग में रंग दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रार्थना के साथ ही आनंदमय कीर्तन में भाग लिया। झूले को हिलाकर अपनी भक्ति भावना का परिचय दिया। मंदिर का वातावरण पूर्णतः उत्साहपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में ढल गया। क्योंकि, सभी को राधा और कृष्ण की अंतरंग सेवा करने का अवसर मिला है। मधुर कीर्तन से पूर्ण भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ।
उन्होने कहा कि श्रावण माह की पूर्णिमा के दिन भगवान बलराम का प्राकट्योत्सव दिवस है। इस दिन को झूलन यात्रा का अंतिम दिन और बलराम के प्राकट्य दिवस उत्सव का आरंभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस झूलन यात्रा का हिस्सा बनने के लिए भक्तों का आगमन शुरू हो गया है।
![]()













Leave a Reply