पूर्व मुख्यमंत्री सह सांसद शिबू सोरेन के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दी गयी श्रद्धांजलि
आदिवासी चेतना के महानायक दिशोम गुरु झारखंड की माटी में सदैव जीवन्त रहेंगे-डीसी
प्रहरी संवाददाता/बोकारो। झारखंड आंदोलन के पुरोधा, देश की आदिवासी चेतना के महानायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर 4 अगस्त को बोकारो जिला समाहरणालय परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार समेत सभी वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दिशोम गुरु की तस्वीर पर माल्यार्पण व् पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मौके पर डीसी झा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन भारत की आदिवासी चेतना के महानायक थे। उनका संघर्ष, बलिदान और नेतृत्व सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु झारखंड की माटी के कण – कण में वे सदैव जीवन्त रहेंगे।

सभा के दौरान डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यालय प्रमुख एवं कर्मीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply