Advertisement

एल एन कॉलेज के 69वाँ स्थापना दिवस पर संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर भगवानपुर स्थित लक्ष्मी नारायण महाविद्यालय (एल एन कॉलेज) का 69वाँ स्थापना दिवस 15 जुलाई को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में स्थापित कॉलेज के संस्थापक अम्बिका प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

ज्ञात हो कि, भगवानपुर के ही स्थानीय रहिवासी भूदानकर्ता स्व. अम्बिका प्रसाद सिंह द्वारा देखा गया सुखद सपना जो महाविद्यालय के रूप में आज जीवंत है, एक ऐसे शिक्षण संस्थान का रूप ले चुका है, जो निरंतर समाज सेवा कर रहा है।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि प्रो. शिवानंद सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ रणवीर कुमार राजन, डॉ शशिभूषण कुमार, डॉ शिवेश कुमार एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुनीता गुप्ता द्वारा स्व. अम्बिका प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर किया गया। महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किया। वहीं छात्राओं के विशेष सुविधा के लिए भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के नाम पर समर्पित गर्ल्स कॉमन रूम का उद्घाटन किया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन किया गया एवं सभी अतिथियों व् वैशाली जिले के मीडियाकर्मियों को सम्मानित किया गया। स्वागत वक्तव्य में प्राचार्य प्रो. सुनीता गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय 13 जुलाई 1957 ई. को स्थापित हुआ था, तबसे आज तक वैशाली जिला के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करता रहा है। मुख्य अतिथि प्रो. शिवानंद सिंह ने महाविद्यालय के आधुनिकीकरण के कई आयामों की चर्चा की। कहा कि कॉलेज में सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा कर्मी, स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन क्लास, ऑनलाइन आधारित छात्र रिकार्ड का नियमन यह सब आज की विकास की कहानी बयाँ करते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ शशि भूषण ने महाविद्यालय को बिहार का शांति निकेतन कहा। डॉ शिवेश कुमार ने स्थापना दिवस को 1 जुलाई से 15 जुलाई तक पखवाड़ा के रूप में मनाए जाने की बात कही। जबकि, सांस्कृतिक कार्यक्रम के कई स्वरूपों की झलकियां देखने को मिली। सरस्वती वंदना, महाविद्यालय गान, स्वागत गीत की प्रस्तुति छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में रसायन विज्ञान विभाग की छात्रा जुब्बी कुमारी द्वारा सुन भारत की नारी गीत प्रस्तुत किया गया। भारत की पहली महिला डॉक्टर आनंदीबाई जोशी की जीवन कथा पर आधारित लघु नाटिका ‘ आनंदी बाई का मंचन किया गया।

उक्त नाटिका का निर्देशन मशहूर नृत्यांगना डॉ रंजना सरकार द्वारा किया गया। हिंदी विभाग की छात्रा दीपा कुमारी द्वारा सावन मास के अवसर पर कजरी नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ ललन कुमार, मंच संचालन डॉ मणि प्रिया एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ वीणा ने किया। राष्ट्रगान के बाद कार्यक्रम की समाप्ति की गयी। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी व्याख्याता, कर्मचारी एवं बहुसंख्य छात्र-छात्रा उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *