Advertisement

मानव अधिकार मिशन महासम्मेलन को लेकर तैयारी तेज, उपायुक्त से मुलाकात

बोकारो में 13 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, विधान सभाध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आगामी 13 सितंबर को बोकारो जिले में आयोजित होने वाले मानव अधिकार मिशन महासम्मेलन को लेकर तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। इसी क्रम में मानव अधिकार मिशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने 14 जुलाई को बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की और प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया।

जानकारी के अनुसार इस महासम्मेलन में झारखंड विधान सभाध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। साथ ही मानव अधिकार मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह सम्मेलन न केवल एक संवाद का मंच होगा बल्कि जन जागरूकता का भी एक सशक्त माध्यम बनेगा।

झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पी.के. लाल ने बताया कि यह सम्मेलन मानवाधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानव अधिकार मिशन पिछले कई वर्षों से देशभर में सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और आमजनों के हित में अपनी स्पष्ट पहचान बना चुका है।

हजारीबाग प्रमंडल अध्यक्ष करण सिंह चौधरी ने कहा कि इस कार्यक्रम से आम जनों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आए रहिवासी इससे जागरूक होंगे और उन्हें अपने अधिकारों की बेहतर समझ प्राप्त होगी। महासचिव आशीष महथा ने बताया कि सम्मेलन में सैकड़ों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि शहर के अलावा दूर-दराज़ के गांवों से भी रहिवासी इस आयोजन में शिरकत करेंगे।

बोकारो जिलाध्यक्ष किरण चंद्र बाउरी ने बताया कि सम्मेलन में बोकारो जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारीगण भी सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन जिले के लिए गौरव का विषय है। इसे भव्य तथा व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा।

बोकारो उपायुक्त से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में बैठक कर सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की। इस बैठक में प्रचार-प्रसार की ज़िम्मेदारी सर्वसम्मति से नितेश वर्मा को सौंपी गई। मौके पर हजारीबाग मंडलीय अध्यक्ष कर्ण सिंह चौधरी, महासचिव आशीष महथा, प्रवक्ता अखिलेश शर्मा, उपाध्यक्ष राकेश चौबे, प्रदेश संगठन सचिव संजय कक्कड़, उपाध्यक्ष संजय महथा, जिलाध्यक्ष किरण चंद्र बाउरी, महासचिव रूपचंद मुर्मू, उपाध्यक्ष चंदन सिंह, प्रवक्ता सूरज पासवान, संजय पटनायक, कोषाध्यक्ष अताउद्दीन अंसारी के अलावे संगठन के अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *