Advertisement

प्रथम सोमवारी पर हरिहरनाथ सहित विभिन्न शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक

गंगा-गंडक के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण माह की पहली सोमवारी पर सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर के प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर सहित क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक चला।

जानकारी के अनुसार 14 जुलाई की सुबह से देर शाम तक इन शिव मंदिरों का पूरा परिक्षेत्र हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय तथा बोल-बम के जयघोष से गुंजायमान होता रहा। लाखों शिवभक्त श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विराजमान बाबा हरिहरनाथ महादेव सहित विभिन्न मंदिरों में स्थापित शिव लिंग पर जलाभिषेक किया। बाबा हरिहरनाथ मंदिर में देर रात से ही अरघा विधि से बेल पत्र, धतूर, मदार चढ़ाकर जलाभिषेक आरम्भ हो गया था।

पहली सोमवारी को लेकर सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर, काली मंदिर आदि में अत्यधिक भीड़ को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था दिखी। महिला एवं पुरुष शिव भक्तों के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए थे, जिसकी बेरिकेटिंग की गयी थी।जिसमे कतार बद्ध होकर कांवरिया एवं अन्य स्नानार्थी बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करते रहे।

श्रावण माह की प्रथम सोमवारी पर बाबा हरिहर नाथ का लाइव दर्शन

बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्रावणी सोमवारी की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व की भांति इस बार भी बाबा हरिहर नाथ पर जलाभिषेक का लाइव प्रसारण कर भक्तों को बाबा हरिहरनाथ का दर्शन सुलभ कराया गया। जिससे बाबा के भक्तों को देश – विदेश के किसी भी कोने से उनका दर्शन कर सकें। मंदिर के गर्भ गृह में जाना निषिद्ध था। भक्त गण अरघा विधि से जलाभिषेक करते दिखे। स्त्री और पुरुषों की अलग – अलग कतारें थी। सभी अपनी -अपनी पारी का इंतजार कर रहे थे।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर से लाइव दर्शन से भी भक्तों को उनकी असीम कृपा प्राप्त होती है। इस शुभ दिन पर शिव आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। हरिहर मंदिर सोनपुर में गंडक और पवित्र गंगा नदी के तट पर स्थित है। यह मंदिर विष्णु (हरि) और शिव (हर) को समर्पित है।

हरिहर क्षेत्र के इन शिवमन्दिरों में भी जलाभिषेक

पहली सोमवारी को पहलेजा धाम में दूधेश्वर नाथ मंदिर, शाहपुर मे गजेंद्रनाथ मंदिर, शाहपुर जैतियां में नेहाल नाथ मंदिर, भरपुरा शिव मंदिर, राहर दियारा चौक पर भूतेश्वर महीनाथ मंदिर, सबलपुर बभनटोली में बड़ा शिव मंदिर, शांति धाम में गोरखाई नाथ संगमेश्वर महादेव मंदिर, हस्ती टोला में गंडकेश्वर नाथ महादेव, सोनपुर चिड़ैयां मठ में विशाल नाथ महादेव, लिंगोदभुत उमा महेश्वर मंदिर, काली मंदिर मंडप में महाकालेश्वर शिवलिंग, आपरूपी गौरी शंकर मंदिर, कष्टहरिया शिव परिवार मंदिर, सोनपुर स्टेशन गेट स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर आदि में बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक एवं पूजन किया। परिवार, समाज एवं राष्ट्र की समृद्धि की भोले बाबा से कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *