Advertisement

स्वास्थ्य केंद्र के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा मध्य प्रदेश की युवती से दुष्कर्म का प्रयास

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में लालगंज प्रखंड के जैतीपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा मध्य प्रदेश की एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बिहार सरकार के स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) सुनील कुमार ने फेसबुक के माध्यम से मध्यप्रदेश की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती से दोस्ती की और नौकरी दिलवाने का झूठा वादा कर लालगंज बुलाया। बताया गया कि युवती को आरोपी सुनील ने अपने कमरे पर ठहराया तथा बीते 12-13 जुलाई की रात्रि लगभग दो बजे शराब पीने के बाद से शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने लगा़। लड़की के मना करने के बाद वह जबरदस्ती करने लगा और युवती का कपड़ा फाड़ दिया़। साथ ही उसने लड़की के साथ मारपीट भी की।

बताया गया कि आरोपी द्वारा मारपीट में युवती का एक दांत टूट गया। इस दौरान जब युवती अपने मोबाइल से पुलिस को फोन करने का प्रयास की, तब उसने उसका मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। बताया जाता है कि युवती किसी तरह वहां से अपनी जान बचा कर भागी और रेफरल अस्पताल के सामने जोर-जोर से चिल्लाने लगी।अस्पताल के समीप सोए दवा दुकानदार चिल्लाने की आवाज सुन कर उठे, जिसके बाद युवती ने रहिवासियों को आपबीती सुनायी।रहिवासियों ने तत्काल डायल-112 और लालगंज थाने को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़िता से पूछताछ की। उसके बाद नशे की हालत में सो रहे आरोपी स्वास्थ्यकर्मी सुनील के दरवाजे को खुलवाया। आरोपी पुलिस से बकझक करने लगा। पुलिस दोनों को थाने ले गयी। जहां आरोपी सीएचओ की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गयी, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि दोनों पहले से शादीशुदा हैं और दोनों को फेसबुक के माध्यम से प्यार हो गया था। दोनों एक दूसरे से बातचीत के दौरान झूठ बोलते रहे कि अविवाहित है। लेकिन, जब युवती यहां पहुंची तो उसको स्वास्थ्यकर्मी के विवाहित होने का पता चला, जिसके बाद युवती ने उसके साथ संबंध बनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी नशे की हालत में पीड़िता के साथ जोर जबरदस्ती करने लगा, जिसका युवती ने विरोध किया। बताया गया है कि घटना के बाद युवती प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर रही है। पुलिस ने शराब पीने के आरोप में स्वास्थ्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा युवती के परिवार वाले को सूचना दे दी गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *