Advertisement

कसमार में फुटबॉल खेल प्रशिक्षण कैंप का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत रांगामाटी खेल मैदान में 13 जुलाई को किशोरियों का एक दिवसीय फुटबाल खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन सहयोगिनी संस्था द्वारा किया गया था।

इस संबंध में खेल प्रशिक्षक सिमती किस्कू ने बताया कि खेल हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल के माध्यम से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि फुटबॉल प्रशिक्षण में कई पहलू शामिल होते हैं। खिलाड़ियों को शारीरिक व्यायाम पर ध्यान दिया जाना जरूरी है। साथ ही सहन शक्ति, गति और ताकत बढ़ाने के लिए लगातार प्रतिदिन दौड़, स्ट्रेचिंग और वेट ट्रेनिंग शामिल हैं। इसके साथ हीं उनमें तकनीकी प्रशिक्षण भी जरूरी है, जिसमें गेंद को नियंत्रित करना, पासिंग, ड्रिबलिंग और शूटिंग जैसे कौशल सिखाए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस खेल में रणनीतिक प्रशिक्षण जरूरी है, जो टीम वर्क, गेम प्लान और विरोधी टीम की रणनीति को समझने पर केंद्रित होता है। इसके अलावा मानसिक प्रशिक्षण दिया जाना महत्वपूर्ण है, जिसमें आत्मविश्वास, दबाव में प्रदर्शन और खेल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जाता है। सहयोगिनी संस्था के को-ऑर्डिनेटर प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था कसमार प्रखंड के 30 गांव में किशोरी एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं नेतृत्व क्षमता को लेकर काम करती है। उन्होंने कहा कि किशोरियों में फुटबॉल में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षण एक अनिवार्य हिस्सा है। यह न केवल खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि उन्हें खेल के प्रति अनुशासित और समर्पित बनाता है। लड़कियों के स्किल डेवलपमेंट के लिए खेल काफी जरूरी है।

उपस्थित दुर्गापुर पंचायत की सहयोगिनी एनिमेटर बिनीता देवी ने बताया कि पंचायत में किशोरियों एवं महिलाओं का समूह बनाकर उनका नेतृत्व क्षमता को विकसित किया जा रहा हैं। साथ में सरकार के विभिन्न जन कल्याणकारी योजना, जैसे सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, साइकिल योजना, स्कॉलरशिप आदि का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाता है।

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक व् मानसिक विकास के लिए बहुत जरूरी है। फुटबॉल खेल से हमारे शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। मौके पर मालावती कुमारी, प्रीति कुमारी, रश्मी कुमारी, सुनीता कुमारी, कुंती कुमारी, सोनिका कुमारी, मधु कुमारी, पिंकी कुमारी, सीता कुमारी, जूही कुमारी, आराध्य कुमारी, जया कुमारी आदि मौजूद थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *