Advertisement

वन भूमि घोटाले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेतुलिया मौजा में सौ एकड़ से अधिक वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन शामिल हैं, जिन्हें फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने और बेचने के आरोप में पकड़ा गया है।
इस बहुचर्चित मामले की जांच सीआईडी के साथ-साथ ईडी भी कर रही है। वहीं सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले की सुनवाई चल रही है, जहां राज्य सरकार से जमीन के मूल दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई है।

झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने दोनों गिरफ्तारियों की पुष्टि की है और बताया कि जांच अब भी जारी है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की टीम ने चास अंचलाधिकारी कार्यालय में बोकारो डीएफओ रजनीश कुमार के साथ घंटों दस्तावेजों की छानबीन की थी। इस दौरान वॉल्यूम 60 से 75 तक के पन्ने फटे पाए गए, जिनमें करीब 400 एकड़ रिहायशी भूमि का रिकॉर्ड था। माना जा रहा है कि इस घोटाले में भू-माफियाओं के साथ अंचल कर्मियों और बोकारो स्टील प्लांट के कुछ अधिकारियों की भी मिलीभगत है।

दरअसल, यह भूमि बीएसएल द्वारा वन विभाग को लौटाई गई थी, जिसे माफियाओं ने फर्जीवाड़ा कर बेच दिया। सीआईडी ने बोकारो के सेक्टर-12 थाना में दर्ज कांड संख्या 32/24 को टेकओवर कर जांच तेज कर दी है। प्राथमिकी वन विभाग के प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह द्वारा दर्ज करवाई गई थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *