अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित पहलेजा धाम – गरीबनाथ डाक कांवर यात्रा को लेकर पहलेजा में सारी व्यवस्था पूरी की जा चुकी हैं। सावन माह के तीसरे दिन 12 जुलाई को पहलेजा धाम श्रावणी मेला क्षेत्र से बाबा गरीबनाथ को जलाभिषेक करने के लिए हजारों डाक कांवरियों का पहला जत्था रवाना हो गया।
पहलेजा धाम में गंगा माता मुख्य द्वार के पास कांवरिया नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गंगा माता मंदिर के पास स्वास्थ्य विभाग का नियंत्रण कक्ष में मेडिकल टीम कार्यरत है। घाट किनारे नदी के भीतर डाक कांवरियों के स्नान के दौरान सुरक्षा को लेकर बैरिकेटिंग की गई है। एसडीआरएफ की टीम भी तैनात है। पर्याप्त संख्या में पेयजल, शौचालय और रौशनी की व्यवस्था की गई है। घाट एरिया को चारों तरफ से बैरिकेटिन की जा चुकी है।
बोल बम डाक कांवरिया पथ पर जगह – जगह मिट्टीकरण किया गया है और गड्ढों को आंशिक ही सही भरा गया है। डाक कांवरिए अपने मार्ग से भटके नहीं, इसके लिए विद्युत खंभों पर प्लास्टिक केसरिया एवं गेरूआ रंग का इंडिकेटर यानि मार्ग निर्देशिका लगाया गया है। डाक कांवर यात्रियों का जत्था पुराने पहलेजा रेल पथ से होते हुए एनएच 19 पर लालू यादव चौक पहुंचेगा, जहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वागत द्वार बनाया गया है। यहां से डाक कांवरियों का जत्था मुख्य मार्ग पर बाएं लेन से न्यू गंडक पुल होते हुए हाजीपुर पहुंचेगा। इस मार्ग पर जगह – जगह बैरिकेडिंग की गई है, ताकि दूसरे लेन से कोई वाहन डाक कांवरिया मार्ग में न घुस सके।
यह कांवर यात्रा पहलेजा धाम से शुरू होने के बाद सोनपुर, हाजीपुर, सराय, भगवानपुर, गोरौल होते मुजफ्फरपुर के कुढ़नी, तुर्की, रामदयालु नगर मार्ग से गरीबनाथ मंदिर पहुंचेगी। डाक कांवरियों का यह जत्था रवाना होगा जो बगैर कहीं रुके गरीबनाथ मंदिर पहुंचेगा। कांवरिये 65 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने के बाद 13 जुलाई की देर रात मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर पहुंच कर 14 जुलाई की सुबह मंदिर में जल अर्पित करेंगे।
कांवरियों की सेवा के लिए पूरे कांवर मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु भक्तों की ओर से कांवरिया सेवा शिविर लगाए गए हैं। सेवा शिविर में कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, शर्बत के अलावे दवा की भी व्यवस्था की गई है। कई जगहों पर कांवरियों के मनोरंजन के लिए भक्ति गीत बजाए जा रहे हैं, कहीं स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति गीत प्रस्तुत किए जा रहे है।
![]()













Leave a Reply