Advertisement

सारण जिला के 26 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी सिपाही भर्ती परीक्षा

आगामी 16, 20, 23, 27, 30 जुलाई एवं 3 अगस्त को होगी परीक्षा

प्रत्येक दिन लगभग 13 हजार अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिल

जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों के साथ की बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन आगामी 16, 20, 23, 27, 30 जुलाई एवं 3 अगस्त को किया जा रहा है। इसके लिए सारण जिला में कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रतिदिन की परीक्षा में लगभग 13 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार प्रत्येक दिन परीक्षा का आयोजन एक पाली में 12 बजे से 2 बजे की अवधि में किया जायेगा। सभी अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 10:30 बजे से पहले प्रवेश कराया जायेगा। परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त आयोजन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाया जायेगा। सभी परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, जिसकी लाइव फीड नियंत्रण कक्ष में देखी जायेगी।

सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने 12 जुलाई को जिला मुख्यालय छपरा स्थित जिला समाहरणालय सभा कक्ष में सभी केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक की। परीक्षा के कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजन को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों को चयन पर्षद के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्र की चहारदीवारी के भीतर बिजली के लिये जेनेरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा क्रम में वर्षा ऋतु को देखते हुये जिन केन्द्रों के परिसर में जल जमाव की संभावना हो, उसके समाधान के लिए कार्य योजना तैयार रखने को कहा गया। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्र पर बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के डीपीओ एवं सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *