अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है के नारे के साथ सारण जिला के हद में पहलेजा धाम एवं मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ बोलबम कांवर यात्रा बीते 11 जुलाई को आरम्भ हो गया।
जानकारी के अनुसार पहलेजा घाट स्थित पवित्र गंगा नदी तट पर पंडे – पुजारियों द्वारा संकल्प लेने के बाद कांवरियों ने माता गंगा मंदिर में जाकर माथा टेका। गंगा माता, बाबा हरिहरनाथ एवं बाबा गरीबनाथ के जयघोष से सम्पूर्ण पहलेजा धाम गूंज उठा। हजारों की संख्या में कांवरियों का काफिला बोल बम, बोल बम का नारा लगाते रवाना हो गये। उनका एक मात्र लक्ष्य आगामी 14 जुलाई को मुजफ्फरपुर पहुंचकर बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करना है। इसलिए उनके नारों में बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है के लक्ष्य प्रधान नारे भी लग रहे थे।
ज्ञात हो कि, उत्तर बिहार के सोनपुर के पहलेजा धाम में गंगा नदी उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर प्रवाहित होती हैं, जिसके कारण पहलेजा धाम को दक्षिण वाहिनी गंगा का स्थल माना जाता है। बोलबम कांवरिया तीर्थ यात्रियों का पहला पड़ाव बाबा हरिहरनाथ मंदिर और उसके आसपास रहा।
श्रद्धालू कांवरिया 12 जुलाई की सुबह बाबा हरिहरनाथ का दर्शन – पूजन और जलाभिषेक के बाद बाबा गरीब नाथ का जलाभिषेक करने के लिए सोनपुर – हाजीपुर पुराने गंडक पुल से रवाना हो गए। कांवरियों के कांवर को रखने के लिए भक्तों द्वारा हरिहरनाथ दुर्गा मंदिर के आसपास कांवर स्टैंड बनाए गए हैं, जिससे कांवर को किसी प्रकार की अशुद्धि छू तक नहीं पाती। अपने कांवर यात्रा के प्रथम दिन साधारण कांवरियों का यह जत्था छोटे -छोटे टोलियों में पहलेजा धाम में पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर और संकल्प लेने के बाद गंगा द्वार होते हुए पहलेजा धाम – हरिहरनाथ निचली पथ से बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है तथा बोल बम – बोलबम का नारा लगाते हुए बढ़ रहे हैं।
स्वयंसेवी संगठनों द्वारा इस मार्ग पर पड़ने वाले चौक-चौराहे पर कांवरियों के लिए शुद्ध जल की व्यवस्था आदि के लिए शिविर आदि लगाए गए हैं। इस तरह कांवरियों का यह जत्था 65 किलोमीटर पैदल चलकर श्रावण माह के प्रथम सोमवारी के दिन बाबा गरीब नाथ का जलाभिषेक करेंगे।
बोलबम कांवरियों ने किया श्रावण माह का प्रथम स्नान
बताया जाता है कि पहलेजा धाम में दक्षिणायनी गंगा नदी में श्रावण माह के प्रथम दिन बीते 11 जुलाई को बोलबम कांवरिया सहित हजारों की संख्या में तीर्थयात्रियों ने श्रावण माह का प्रथम स्नान किया। घाटों पर नदी के भीतर स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। घाटों पर पर्याप्त रौशनी की मुकम्मल व्यवस्था दिख रही है। पेयजल एवं शौचालयों से भी घाट किनारे को आच्छादित किया गया है। दुकानों को भी सजाया गया है और उन्हें पंक्तिबद्ध ढंग से इस तरह लगाया गया है कि कांवरिया तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो। अतिक्रमण भी हटाए गए हैं।
श्रावणी मेला को लेकर पहलेजा घाट पर गंगा माता मंदिर से पीछे नदी किनारे कांवरिया तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग का नियंत्रण कक्ष स्थापित हो गया है। यह नियन्त्रण कक्ष विधिवत कार्य कर रहा है। उक्त नियंत्रण कक्ष की प्रभारी डॉक्टर पूनम कुमारी हैं। मौके पर मेडिकल टीम अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रही थी। स्नानार्थी कैंप में आकर जरूरत के मुताबिक दवाई वगैरह भी ले जा रहे थे। यानी यहां तीर्थयात्रियों के साथ – साथ स्थानीय बीमार भी अपनी जांच कराते या अपने स्वास्थ्य के बारे में चिकित्सक से सलाह लेते दिखे।
सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल से मेडिकल टीम की यहां तैनाती की गई हैं। मौके पर उपस्थित डॉक्टर दीप्ति बाला, सीएचओ पीहू प्रिया के अलावा ग्रामीण चिकित्सक रोहित कुमार उपाध्याय भी उपस्थित थे। एंबुलेंस की भी घाट पर व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस स्टाफ राहुल राज, ड्राइवर अरुण राय किसी भी परिस्थिति से जूझने के लिए ड्यूटी पर तैनात दिखे। घाट किनारे एसडीआरएफ की टीम भी बोट के साथ सजग दिख रही थी।
![]()













Leave a Reply