Advertisement

उपायुक्त की तत्परता से 24 घंटे में दिव्यांग सुरेश को दिलाई गई ई-ट्राई साइकिल

समाहरणालय परिसर में उपायुक्त ने सुरेश को दिया ई-ट्राई साइकिल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला प्रशासन ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। जिला के हद में चास प्रखंड के कुर्रा पंचायत रहिवासी दिव्यांग सुरेश पांडेय की मांग को जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने गंभीरता से लिया और 24 घंटे के भीतर सुरेश को ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।

जानकारी के अनुसार बीते 11 जुलाई को आयोजित जनता दरबार के दौरान दिव्यांग सुरेश अपनी कठिनाई लेकर पहुँचे। उन्होंने बताया कि चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है और वे एक ई-ट्राई साइकिल के लिए कई महीनों से प्रयासरत हैं। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 48 घंटे के भीतर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 12 जुलाई को दिव्यांग सुरेश को समाहरणालय परिसर में ही ई-ट्राई साइकिल सौंप दी।

ई-ट्राई साइकिल मिलने के बाद सुरेश के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उसने कहा, कि अब वह स्वतंत्र रूप से कहीं भी आ-जा सकेगा। यह उसके लिए एक नया जीवन है। उसने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया और उपायुक्त को साधुवाद दिया। मौके पर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जनता दरबार में आने वाली हर फरियाद केवल एक आवेदन नहीं, बल्कि एक जीवन की उम्मीद होती है। हमारा प्रयास रहेगा कि कोई भी फरियादी अपनी समस्या के समाधान के बिना नहीं लौटे। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का न केवल त्वरित निपटारा किया जाए, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, नजारत उप समाहर्ता प्रभाष दत्ता, सीएसआर नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *