Advertisement

सोनपुर मंडल में दिव्यांग एवं वरिष्ठ यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सुगम्य भारत अभियान के तहत पूर्व मध्य रेलवे के हद मे सोनपुर रेल मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया गया है।

रेल मंडल के स्टेशनों पर व्हील चेयर उपयोगकर्ताओं और दिव्यांगजनों की सुगम पहुंच के लिए रैंप व लिफ्ट की सुविधा प्रदान की गई है। दिव्यांगजनों के लिए स्टेशनों पर विशेष शौचालय बनाए गए हैं। दृष्टि बाधित यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में साइनेज और श्रवण बाधित यात्रियों के लिए श्रवण सहायता प्रणाली भी लगाई गई है।

जानकारी के अनुसार कुछ ट्रेनों में दिव्यांगजनों हेतु विशेष कोच उपलब्ध हैं, जिनमें व्हील चेयर रखने की उचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। प्लेटफार्मों पर सुगमता सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त ढलान, समतल फुटपाथ और आवश्यक चिन्हों की व्यवस्था की गई है।

दिव्यांगजनों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए रेलवे ने वेबसाइट और मोबाइल ऐप को सुगम बनाया है, जिससे वे आसानी से टिकट बुक कर सकें और जानकारी प्राप्त कर सकें। रेलवे के अन्य डिजिटल माध्यम जैसे सोशल मीडिया और ऑनलाइन टिकट बुकिंग पोर्टल को भी सुलभ बनाए जाने का कार्य जारी है।

बताया जाता है कि रेल मंडल के 15 प्रमुख स्टेशनों पर इन्क्वायरी काउंटर से और अन्य 53 स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर एवं स्टेशन सुप्रिटेंडेंट के माध्यम से दिव्यांगजनों की सहायता के लिए उद्घोषणा की जाती है। 68 स्टेशनों पर स्ट्रेचर की उपलब्धता, साथ ही 25 स्टेशनों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है। 35 स्टेशनों पर नई व्यवस्था के अंतर्गत कुल 46 व्हीलचेयर की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।

हाजीपुर एवं वैशाली स्टेशनों पर लगाए गए ब्रेल साइनेज

जानकारी के अनुसार हाजीपुर एवं वैशाली स्टेशनों पर ब्रेल साइनेज लगा दिया गया है। वही मुजफ्फरपुर एवं बरौनी स्टेशनों पर ब्रेल कार्य स्वीकृत है। रेलवे कर्मचारियों को दिव्यांगजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार, उनकी आवश्यकताओं की समझ और सहायता प्रदान करने के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, जागरूकता अभियान के माध्यम से यात्रियों और कर्मचारियों में दिव्यांगजनों के अधिकारों के प्रति समझ बढ़ाई जा रही है। भारतीय रेल का सोनपुर रेल मंडल सुगम्य भारत अभियान के अंतर्गत समाज के हर वर्ग विशेषकर दिव्यांगजनों और वरिष्ठ यात्रियों के लिए समावेशी और सुलभ यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में सतत प्रयासरत है।

इस अभियान का उद्देश्य न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना है, बल्कि डिजिटल और भौतिक दोनों ही क्षेत्रों में समावेशिता को बढ़ावा देना भी है। सुगम्य भारत अभियान भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिले। यह केवल सुविधा नहीं, बल्कि समावेशिता और समानता की दिशा में एक ठोस पहल है, जो समाज के हर वर्ग को मुख्य धारा में लाने का सशक्त माध्यम बन रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *