Advertisement

मुखिया और पंचायत प्रतिनिधि गहन पुनरीक्षण में करें सहयोग-डीएम

सारण जिला में 31 लाख 34 हजार वोटर का किया जाना है सत्यापन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में जनप्रतिनिधि की भूमिका अहम है। पंचायत के लीडर के तौर पर मुखिया का रोल सबसे अग्रणी हैं। उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी सारण अमन समीर ने मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों के साथ संवाद करते हुए कहीं।

सारण जिला मुख्यालय छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में 9 जुलाई को आयोजित प्रशिक्षण सह उन्मुखिकरण कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गहन पुनरीक्षण को जिला प्रशासन मिशन में पूरा करने के लिए कृतसंकल्पित है। कहा कि जिले के 31 लाख 34 हजार वोटर का सत्यापन किया जाना है। बीएलओ के माध्यम से गणना फॉर्म बांटने, भरवाने और अपलोड करने का कार्य जारी है। अगले 12 दिनों में वितरण और कलेक्शन का कार्य पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस कार्य में जीविका, सेविका, विकास मित्र, शिक्षा सेवक, तालीमी मर्कज आदि से भी मदद ली जा रही है। कहा कि यदि मुखिया और बीडीसी अपना मैकेनिज्म लगा दें तो कार्य अधिक सरल हो जाएगा।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि अभी हमारा जोर फॉर्म भरवा कर वापस प्राप्त करने पर है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता छुटे नहीं। कहा कि कागजात दावा आपत्ति के समय आवश्यकता पड़ने पर मांगा जाएगा। उन्होंने गहन पुनरीक्षण के आवश्कता और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए इस संबंध में उत्पन्न भ्रांतियों को बिन्दुवार स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आपके माध्यम से जनता को संदेश जाना चाहिए। यह कार्य आवश्यक होने के साथ सरल भी है। जिलाधिकारी ने गहन पुनरीक्षण का आधार 2003 की मतदाता सूची को बताया।

उन्होंने कहा कि इसमे आपका या आपके माता-पिता का नाम होना ही वैलिड डाक्यूमेंट के रूप में मान्य है। कहा कि 80 से 90 फीसदी मतदाताओं का काम इससे हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग ने वेबसाईट पर सूची को लाईव कर दिया है। उसमें नाम ढूंढना बहुत सरल है।

जिलाधिकारी ने मंच से ही कई मतदाताओं का नाम सूची में लाईव ढूंढवाया। मौके पर उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने कहा कि पंचायत राज प्रतिनिधियों का इस कार्य से सीधे सरोकार है। अभी बनने वाली मतदाता सूची ही डेटा बेस के रूप में प्रयोग होता है। इस सूची को ही विखण्डित कर पंचायत और वार्ड की सूची बनाई जाती है। इसलिए आप सभी से अपील है कि मतदाताओं के शत प्रतिशत नाम जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने पूर्ण प्रक्रिया को सहज ढंग से सामने रखा। इस अवसर पर सहायक पंचायत राज पदाधिकारी सुशेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *