एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड में प्राकृतिक आपदा तथा विभागीय लापरवाही से हुई मौत मामले में मृतको के आश्रित को मुआवजा दे झारखंड सरकार। सोनाहातू में बारिश के कहर से घर ढहने से एक बच्चे के दब कर हुई मौत और ओरमांझी में बिजली विभाग की लापरवाही से लाइनमैन उमेश महतो की हुई मौतों पर मुआवजे देने की मांग आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर नायक ने 7 जुलाई को की है।
आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष ने झारखंड की राजधानी रांची के सोनाहातू और ओरमांझी में हुई दो दु:खद घटनाओं पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए आपदा विभाग के मंत्री डॉ इरफान अंसारी और बिजली विभाग के मंत्री सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल मुआवजे और सहायता की मांग की है।
नायक ने कहा कि सोनाहातू प्रखंड के हद में तेलवाडीह पंचायत के तेलवाडीह गांव में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें 9 वर्षीय शिवा प्रमाणिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शिवा, जो मूल रूप से ईचागढ़ प्रखंड के लेपाटांड़ रहिवासी था, अपने मामा के घर तेलवाडीह में रह रहा था। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया है। नायक ने आपदा विभाग से मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और आवास सहायता प्रदान करने की मांग की है।
वहीं, दूसरी घटना में ओरमांझी प्रखंड के आनंदी गांव में लाइनमैन उमेश महतो की ग्यारह हजार वोल्ट बिजली तार को ठीक करने के दौरान बिजली विभाग की लापरवाही के कारण दु:खद मृत्यु हो गई। उन्होंने इस घटना पर गहरा रोष जताते हुए बिजली विभाग से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की है।
नायक ने कहा कि सरकार का राजधर्म है कि वह दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हो। दोनों परिवारों पर आई इस विपदा में सरकार को तत्काल राहत और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
![]()













Leave a Reply