Advertisement

कथारा के सक्षम मिश्रा ने रचा इतिहास, बना चार्टर्ड एकाउन्टेट

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। कहावत है कि होनहार बिरवान के, होत न चिकने पात। इस कथन को सच कर दिखाया है बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के सीएनडी कॉलोनी आसनपानी रहिवासी संजय मिश्रा के पुत्र सक्षम मिश्रा ने। जिसने चार्टर्ड एकाउंटेंट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। पुत्र की इस सफलता से उसके पिता संजय मिश्रा तथा माता पुनीता मिश्रा फुले नहीं समा रहे हैं।

सीए सक्षम मिश्रा के पिता के अनुसार वर्ष 2003 में वह स्थांतरित होकर डीएवी कथारा आए थे। इस दौरान काफी झंझावतों को झेलने के साथ उन्होंने अपने पुत्र को सफलता दिलाने में सफल रहे है। उन्होंने बताया कि वे डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में बतौर कार्यालय कर्मचारी कार्यरत थे। उन्हें विद्यालय प्रबंधन ने सोची समझी साजिश के तहत विद्यालय से हटा दिया। इसके बाद वे काफी कष्टपूर्ण जीवन व्यतीत की।

बावजूद इसके अपने दो पुत्रों सक्षम तथा श्वेतम की पढ़ाई में कहीं से अर्चन नहीं आने दी। कारण यह कि उन्हें विश्वास था कि उनका पुत्र सफलता का मुकाम अवश्य पाएगा, जिसे उनके बड़े पुत्र सक्षम ने सच साबित कर दिखाया है। उसने चार्टर्ड एकाउंटेंट की परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिसका रिजल्ट इंडियन कॉस्टिंग अकाउंट इंस्टिट्यूट (आईसीएआई) द्वारा बीते 6 जुलाई को जारी किया गया।

इस अवसर पर सीए बने सक्षम मिश्रा ने बताया कि उसने लोहरदगा तथा धनबाद से नर्सरी से कक्षा 2 तक की पढ़ाई की। इस दौरान पिता का स्थानांतरण डीएवी कथारा हो गया, जहां उसने कक्षा 3 से 12वीं तक पढ़ने के बाद कोलकाता विश्वविद्यालय के एमजी रोड स्थित सुरेंद्रनाथ कामर्स कॉलेज से वर्ष 2018 में बी. कॉम की। वही वर्ष 2019 से 2022 तक एडवर्ड गर्ग एंड कंपनी से 3 साल का इंटर्नशिप किया। इसके बाद आर्थिक स्थिति को लेकर वह जुलाई 2022 से अब तक बेंगलुरु के बीडीओ इंडिया कंपनी में बतौर वित्तीय सलाहकार कार्यरत है। उसने बताया कि उसका छोटा भाई श्वेतम मिश्रा भी सीए की तैयारी में लगा है।

मां पुनीता मिश्रा के अनुसार उनके दोनों पुत्र बेहद कुशाग्र बुद्धि और संस्कारी है, तथा अपने परिजनों के नक्शे कदम पर चल रहे हैं, जिससे उन्हें गर्व महसूस होता है। सक्षम के इस सफलता पर डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉक्टर जी.एन. खान सहित सेवानिवृत डीएवी शिक्षक राजेश शर्मा, एम के चौधरी, मदन चौधरी, विजय कुमार सिन्हा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सक्षम की यह सफलता कथारा क्षेत्र तथा बोकारो जिले को गौरवान्वित कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *