प्रहरी संवाददाता/बोकारो। ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में बोकारो स्टील प्लांट इडी वर्कस बिल्डिंग पर 7 जुलाई को सैकड़ों की संख्या में मजदूर जूलूस की शक्ल में नारा लगाते पहुंचे और मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। अध्यक्षता आर के गोरांई ने किया।
प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीटू के महामंत्री बी डी प्रसाद ने कहा कि प्लांट के सभी विभागों के सैकड़ों मजदूर भारी बारिश के बीच सभा में पहुंचकर यह साबित किया है कि हम जिंदा कौम है और अपने हक अधिकार को हासिल करने के लिए लड़ना जानते हैं। उन्होंने कहा कि कोयला मजदूर आंदोलन के बल पर न केवल सम्मानजनक वेतन समझौता करवाते हैं, बल्कि ₹86000 तक सलाना बोनस भी हासिल करते हैं। जबकि, सेल में पिछले चार साल से एमओयू साइन होने के बावजूद भी वेतन समझौता आधा अधुरा है। प्रबंधन ढिठाई पर उतर चुका है, जबकि इन्हीं मजदूरों की बदौलत प्रत्येक साल हजारों करोड़ का मुनाफा कमा रही है। लेकिन इनका कमाया हुआ 39 महीने के बेसिक डीए का एरियर देना नहीं चाहती है।
ऐसा एनजेसीएस के इतिहास में पहली बार देख रहे हैं। कहा कि ग्रेच्युटी पर बीस लाख का एकतरफा सीलिंग लगा दिया गया है। आंदोलन करने पर दूसरे प्लांट में स्थानांतर कर दिया जाता है। स्थायी कामों के लिए मेन पावर का घोर अभाव है, लेकिन उसके स्थान पर अकुशल कामगारों को लगा दिया गया है। जिससे एक तरफ प्लांट का उत्पादन प्रभावित होता है, वहीं दूसरी तरफ अनसेफ वर्क कंडीशन भी बना रहता है।

सभा को संबोधित करते हुए एटक के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि यहां के ठेका मजदूर को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया गया है। यहां जॉब की कोई गारंटी नहीं है। न्यूनतम मजदूरी मांगने पर बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। इसलिए हमने मांग किया है कि ठेकेदार बदले लेकिन मजदूर वही रहेगा की नीति लागू करो। साठ साल की नौकरी की गारंटी करो। मेडिकल और बच्चों की शिक्षा की सुविधा सेल प्रबंधन को देना होगा। उन्होंने कहा कि हमने यह मांग किया है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार हायर पेंशन इपीएस 95 लागू करो। यहां के विस्थापित, अप्रेंटिसशिप किए नौजवानों और मृत कर्मचारियों के आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर नियोजित किया जाय।
उन्होंने कहा कि देशव्यापी 17 सूत्री मांगों के साथ उपरोक्त सवालों को लेकर बोकारो के नियमित और ठेका मजदूर एक साथ आगामी 9 जूलाई की हड़ताल को सफल बनाने का आज संकल्प दुहराते हैं। सभा को इंटक के दीपक मिश्रा व् एआईयूटीयूसी के सुभाष प्रमाणिक ने भी संबोधित किया। साथ हीं देशव्यापी हड़ताल के पूर्व संध्या पर 8 जुलाई की शाम 5 बजे मेन गेट पास सेक्शन पर विशाल सभा करने की घोषणा की गई।
![]()













Leave a Reply