Advertisement

वन स्टॉप सेंटर पर मीडिया ओरिएंटेशन: घरेलू हिंसा के खिलाफ सामाजिक एकजुटता की पहल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। महिलाओं के विरुद्ध बढ़ती जेंडर आधारित हिंसा और घरेलू उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम तथा पीड़ितों को सशक्त सहायता मुहैया कराने के उद्देश्य से 23 जून को सहयोगिनी कार्यालय बोकारो में एक मीडिया ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार यह आयोजन विमेन गेनिंग ग्राउंड अभियान के अंतर्गत क्रिया, इब्तिदा झारखंड, सहयोगिनी एवं युवा संस्था पूर्वी सिंहभूम की संयुक्त पहल पर आयोजित की गई। यह कार्यक्रम झारखंड के 10 जिलों में वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर की सेवाओं को लेकर चलाए जा रहे मीडिया जागरूकता अभियान का अहम हिस्सा है।

इस अवसर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा संस्था जमशेदपुर की सचिव प्रणाली ने बताया कि मीडिया प्रतिनिधियों और पंचायत स्तर के नेताओं को वन स्टॉप सेंटर की भूमिका व सेवाओं से अवगत होना जरूरी है। कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं में विश्वास का संचार करना और सेवा प्रदाता संस्थानों के साथ सहयोगी संबंध बनाना है। उन्होंने कहा कि हाशिए पर मौजूद विशेष रूप से विकलांग, आदिवासी व सामाजिक रूप से वंचित वर्ग की महिलाओं तक सेवाएं पहुंचाना जरूरी हैं।

सहयोगिनी संस्था की सचिव कल्याणी सागर ने कहा कि घरेलू हिंसा सिर्फ एक व्यक्ति की समस्या नहीं, यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें पीड़ित महिलाओं को उनकी आंतरिक शक्ति का एहसास कराना होगा, ताकि वे इस चुप्पी और पीड़ा की जंजीरों को तोड़ सकें। कहा कि मीडिया की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कई वन स्टॉप केंद्रों पर कार्यरत कर्मी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से नहीं निभा रहे हैं। पीड़िताओं को पुलिस से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता, जिससे उनका विश्वास तंत्र से उठ जाता है। यह स्थिति चिंताजनक है। पांडब पंचायत के मुखिया हारु रजवार तथा बाराडीह की मुखिया पुष्पा देवी ने कार्यक्रम में अपने वक्तव्यों के माध्यम से यह संकल्प दोहराया कि वे एकजुट होकर हर महिला के सम्मान व सुरक्षा के लिए संघर्षरत रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में आयोजित खुले संवाद सत्र में उपस्थित मीडियाकर्मियों ने जमीनी स्तर की चुनौतियों को साझा किया और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही व प्रभावशीलता पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन कुमारी किरण ने किया। इस दौरान सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर के अलावा सोनी कुमारी, लाडली खातून, रोजी परवीन, बिनीता देवी, चंद्र रेखा, मंजू देवी, सुरजमणि देवी, नीतू कुमारी, अनिल कुमार हेम्ब्रम, आर्या, संगीता देवी, सोनिका कुमारी, जया कुमारी, सूर्यमणि देवी, अमरजीत कुमार, रवि कुमार राय, मंजू देवी, अभय सिंह, नीतू कुमारी, सनी कुमार समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता, मीडियाकर्मी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *