एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को बोकारो जिला के हद में डीएवी कथारा के वरीय एवं कनीय शाखा में लाइव योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व पावन गायत्री मंत्र के साथ की गयी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डाॅ जी.एन. खान ने उपस्थित जनों का अभिनंदन किया। प्राचार्य के नेतृत्व में शारीरिक शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया, जिसमें सूर्य नमस्कार प्रमुख था। उपस्थित विद्यार्थियों ने निरोगी काया की प्राप्ति के लिए सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।
योगाभ्यास के पश्चात प्राचार्य ने कहा कि योग शरीर को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने का एक अचूक जरिया है। उन्होंने विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करते हुए कहा कि योग दिवस की शुरुआत 2015 में हुई थी। आज हम 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। योग संपूर्ण विश्व को भारत की एक अमूल्य देन है।
प्राचार्य ने इस अवसर पर सीसीएल प्रबंधन को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं महाप्रबंधक संजय कुमार का आभारी हूं, जिन्होंने योग दिवस के अवसर पर एक से बढ़कर एक प्रतियोगिताएँ करवाई, जिसके फल स्वरुप विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि और जिज्ञासा उत्पन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन सीसीए प्रभारी जितेंद्र दुबे ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश सिंह और राहुल कुमार की विशेष भूमिका रही। संपूर्ण विद्यालय परिवार इस पावन अंतर्राष्ट्रीय पर्व का साक्षी बना।
![]()













Leave a Reply