एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र द्वारा जगह जगह योग शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सीएसआर चंदन कुमार के नेतृत्व में योग से योग्य विषय के तहत विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और सभी को योग्य बनाने का संदेश देना था। यह आयोजन न केवल योग की महत्ता को दर्शाता है बल्कि समुदाय के सभी वर्गों को एकजुट करने का माध्यम भी बना।
योग शिविर के माध्यम से जीवन को मूल्यवान बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं सामंजस्यपूर्ण जीवन के लिए निरंतर अभ्यास करने का संदेश दिया गया। योग कार्यक्रम क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, परियोजना कार्यालयों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों गणमान्य जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें अधिकारीगण, कर्मचारीगण, विभिन्न संगठनों के सदस्यगण, होमगार्ड के जवान एवं स्थानीय नागरिक शामिल थे। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोमिया में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 300 छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। इसके अतिरिक्त डीएवी स्वांग में 200 छात्रों और डीएवी कथारा में भी 200 छात्रों ने योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लिया। समानांतर आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ किया गया, जहाँ सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प लिया। कुल मिलाकर मुख्य कार्यक्रम और समानांतर आयोजनों में बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जो इस कार्यक्रम की व्यापक पहुंच और सफलता को दर्शाता है। यह आयोजन योग के माध्यम से समुदाय में एकता और स्वास्थ्य चेतना लाने का एक सराहनीय प्रयास था।
![]()













Leave a Reply