Advertisement

ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गोमिया क्षेत्र में जगह जगह योग शिविर

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में गोमिया क्षेत्र के कई स्थानों में योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) सहित कई गणमान्य जनों ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय होसिर, +2 उच्च विद्यालय गोमिया, बंगला कन्या मध्य विद्यालय साड़म, मध्य विद्यालय पिपराडीह सहित कई स्थानों पर योग शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा तेनुघाट महाविद्यालय में भी प्राचार्य सुदामा तिवारी के नेतृत्व में योग दिवस मनाया गया। वहीं +2 उच्च विद्यालय गोमिया में बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े, पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुरेश प्रसाद, बीपीओ मनोहर दास, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंबुज प्रसाद, प्रखंड सह अंचल कर्मी, सहिया, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र छात्राओं ने योग के कई आसन किये।

इस अवसर पर बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि यह मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे अपनाकर हम एक निरोग और सशक्त समाज की ओर अग्रसर हो सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तथा इसे परिवार और समाज में भी बढ़ावा दें।

अंचल अधिकारी आफताब आलम ने कहा कि योग से शारीरिक लाभ होता है, इसलिए प्रत्येक दिन सभी को योग करने की आवश्यकता है। कहा कि इसके सतत अभ्यास से हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। वहीं पिट्स मॉर्डन स्कूल गोमिया, स्वांग स्थित नेहरू क्रीड़ा स्थल फुटबॉल मैदान में स्वांग उत्तरी पंचायत के मुखिया विनोद विश्वकर्मा, पूर्व मुखिया विनोद पासवान एवं खेल शिक्षक सुरेंद्र कुमार ने भी योग शिविर में भाग ली।जबकि, स्वांग दक्षिणी पंचायत सचिवालय, गोमिया थाना, आईईएल थाना परिसर में मुखिया व् थाना प्रभारियों ने अपने सहयोगियों के साथ शिविर आयोजित कर योग किया। इसके अलावा गोमिया प्रखंड के कई पंचायत सचिवालय में भी पंचायत प्रतिनिधियों ने योग दिवस पर रहिवासियों को योग करने का संदेश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *