सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने की कार्रवाई
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने के आरोप में सारण पुलिस ने 21 जून को जिला के हद में डोरीगंज थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि सारण पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। प्राप्त वीडियो को तत्क्षण संज्ञान में लेकर जांच की गयी। जांच के क्रम में वीडियो को जिस आईडी से पोस्ट की गई थी उस आईडी धारक की पहचान जिला के हद में डोरीगंज थाना क्षेत्र में मुसेपुर रहिवासी द्वारिका राम के पुत्र धीरज कुमार के रूप में की गयी।
इस संबंध में अवतारनगर थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना में बीते 20 जून को कांड क्रमांक-173/25 धारा-196 (2)/197 (2) बीएनएस एवं 67 (सी) आईटी एक्ट दर्ज किया गया एवं प्राप्त आसूचना के आधार पर छापामारी कर आईडी धारक आरोपी धीरज कुमार को हिरासत में लिया गया है। सारण पुलिस के अनुसार मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट या वीडियो का निर्माण अथवा प्रसार न करें। ऐसा करने पर प्रसारित करनेवाले के विरुद्ध आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। कहा गया कि सारण पुलिस जिले में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है।
![]()













Leave a Reply