Advertisement

ढोरी क्षेत्र में एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन

हिंदी सिर्फ हमारी भाषा नहीं, यह हमारी संस्कृति और राष्ट्र का गौरव है-जीएम

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के चपरी गेस्ट हाउस में 20 जून को एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) रंजय सिन्हा थे।

कार्यशाला में महाप्रबंधक रंजय सिन्हा ने कहा कि अधिक से अधिक कार्यालयी कार्यों को हिंदी में करना चाहिए और हिंदी का प्रचार-प्रसार करना चाहिए। वर्कशॉप सीसीएल मुख्यालय के राजभाषा विभाग से आये उप-प्रबंधक (कार्मिक एवं राजभाषा) दिविक दिवेश का स्वागत पुष्पगुच्छ को देकर किया गया। उन्होंने राजभाषा एवं राजभाषा अधिनियम के विभिन्न निर्णयों पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर जीएम सिन्हा ने कहा कि हिंदी भाषा को पहचानना और उसका उपयोग करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सहायक अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि हिंदी सिर्फ हमारी भाषा नहीं है, यह हमारी संस्कृति, हमारी पहचान और हमारे राष्ट्र का गौरव है। एसओपी माला कुमारी ने कहा कि मातृभाषा का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग कर हम अपने कार्यों में सरलता और सुलभता ला सकते हैं।

कार्यशाला में कार्मिक प्रबंधक सुरेश सिंह ने कहा कि यह हमारी मातृभाषा है, जिसे प्रोत्साहित करना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को भी इससे जोड़ना चाहिए। अंत में सभी ने हिंदी को अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक उपयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अभिषेक सिंहा व सीताराम यूके, फाईनेंस मैनेजर संजय सिंह, शालीनी यादव, प्रेक्षा मिश्रा, आस्था, धीरज पांडेय, जीवन लाल रजक, सिद्धार्थ कुमार, हजारी प्रसाद, सुबल दत्ता, अरुण कुमार व अरविंद कुमार सहित लगभग 60 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *