सामंतियों, अपराधियों, भ्रष्टाचारियों व् आरएसएस के कब्जे में नीतीश सरकार-धीरेन्द्र झा
एस. पी. सक्सेना/दरभंगा (बिहार)। बदलो सरकार – बदलो बिहार मिथिला – तिरहुत जोन यात्रा का प्रारंभ 20 जून को दरभंगा जिला के हद में कल्याणपुर विधान सभा के जटमलपुर चौक से बिहार में सामाजिक न्याय के पुरोधा पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू किया गया।
यात्रा का नेतृत्व भाकपा(माले) पोलित ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेन्द्र झा, भाकपा(माले) केंद्रीय कमिटी सदस्य सह पूर्व विधायक मनोज मंजिल, माले राज्य स्थायी समिति सदस्य बैद्यनाथ यादव, राज्य कमिटी सदस्य नेयाज अहमद, जितेंद्र यादव, शनिचरी देवी, कल्याणपुर विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी रंजीत राम, वारिसनगर विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी फूल बाबू सिंह, रानी सिंह, साधना शर्मा, आइसा महासचिव प्रसेनजीत, जीवछ पासवान, पप्पू पासवान, विनोद सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ललन कुमार, अमित कुमार, उपेंद्र राय, महेश कुमार, केशरी यादव, सुनील यादव, रौशन कुमार सहित कई माले नेतागण कर रहे है।
इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता कल्याणपुर प्रखंड सचिव दिनेश कुमार तथा संचालन माले नेता सुरेंद्र कुमार सिंह ने किया। मिथिला तिरहुत यात्रा को झंडा दिखाकर रवाना करते हुए भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने कहा कि पूरे बिहार में भाकपा माले की ओर से चार यात्राएं निकली हैं। बदलो सरकार बदलो बिहार यात्रा बिहार के आमजन के सवालों के साथ बिहार की राजनीति को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बिहार की नीतीश सरकार को सामंतियों, अपराधियों, भ्रष्टाचारियों और आरएसएस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस सरकार को बदलने और महागठबंधन की सरकार बनाने की यह यात्रा है। कहा कि डूबती नैया को बचाने के लिए पीएम मोदी बार बार बिहार आ रहे हैं। उनके इकबाल खत्म हो गए हैं, इसलिए जोर जबरदस्ती से सभा में भीड़ जुटाई जा रही है। कहा कि मोदी जी अब सरेंडर मोदी हो गए हैं, इसलिए विश्वमंच पर भारत अलगाव का सामना कर रहा है। गैंग ऑफ फोर के कब्जे में नीतीश जी हैं, और ये कोई भी काम नीतीश से करवा ले रहे हैं।

कॉमरेड झा ने कहा कि दामादों की ताजपोशी हो रही है और जगन्नाथ मिश्रा, संजय झा के यहां गैर जरूरी हवाई अड्डा बनाए जा रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज मंजिल ने कहा कि भाजपा – जदयू के राज में बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। सरकार के नाक के नीचे गोलीबारी हो रही है, और सरकार सोई हुई है। अपराधी बेखौफ घूम रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में 20 साल से विकास करने वाली सरकार आज गांव – गांव को कर्ज के बोझ में धकेल दी है।
भाकपा (माले) ने बिहार बदलाव का संकल्प लिया हैं। इसी उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार को बदलने का संकल्प बिहार के नौजवानों ने ले लिया है। मंजिल ने कहा कि इस यात्रा में गरीबों के वास – आवास का सवाल, 200 यूनिट फ्री बिजली का सवाल, सभी वृद्ध को पोषण का सवाल सहित अन्य समस्याओं को उठाया जाएगा।
![]()













Leave a Reply