अबतक बेहतर कार्य कर रही है झारखंड सरकार-डब्ल्यू सिंह
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बिहार एवं झारखंड के सीमा के समीप 3 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम में बीते 19 जून को बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व कुटुंबा के विधायक राजेश राम एवं नवीनगर के विधायक विजय सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। जिस स्थान पर सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया, उक्त जगह औरंगाबाद जिला के हद में कुटुंबा एवं नवीनगर विधानसभा क्षेत्र का सीमांकन इलाका है। जहां से झारखंड की दूरी मात्र 2 किलोमीटर से शुरू हो जाती है। उक्त जानकारी 20 जून को बेरमो विधायक प्रतिनिधि सह श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि उक्त इलाका झारखंड और बिहार के मिश्रित सभ्यता का प्रतीक है। बताया कि शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन व संचालन समाजसेवी कर्मा रहिवासी विजय कुमार सिंह कर रहे थे। विधायकद्वय के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय रहिवासियों ने ढोल नगाड़ा बजाकर व फूलमाला पहनाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम के बाद बेरमो कोयलांचल के श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह के कर्मा फतेहपुर स्थित पैतृक आवास पर किसान संवाद में दोनों नेता पहुंचे, जहां किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए। किसानों ने अपना दर्द बयां करते हुए क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था मुहैया कराए जाने की मांग की। बताया कि क्षेत्र के रहिवासियों की जीविका का एकमात्र साधन खेती है। उनकी खेती ऊपर के वर्षा के सहारे ही संभव हो पाता है।
जिस साल यहाँ वर्षा नहीं होता है, तब क्षेत्र में अकाल की स्थिति होती है। रहिवासियों ने नेताद्वय से सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराए जाने का मांग की। दोनों नेताओं ने कहा कि उनकी सोंच किसानों के जीवन में खुशहाली आए और क्षेत्र के किसानों का जीवन स्तर ऊंचा हो इसके लिए हर संभव प्रयास होगा।
इस अवसर पर अपने संक्षिप्त वार्ता मे कोयलांचल के नाम पर श्रमिक नेता सिंह से बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कुटुंबा के विधायक राजेश राम ने कहा कि मजदूर राजनीति में बेरमो के पूर्व विधायक दिवंगत राजेंद्र बाबू एक प्रसिद्ध नाम थे। जिनके नाम से मजदूर वर्ग को ताकत और शक्ति प्रदान होती थी। आज उनके नहीं रहने पर उनके पुत्र और बेरमो के विधायक अनूप सिंह ने उनके मान और सम्मान को बढ़ाया है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह गौरव का विषय है। कहा कि अनुप बाबू हमेशा कठिन मेहनत कर क्षेत्र के रहिवासियों की सेवा करते रहे हैं जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। कहा कि बिहार के निकटवर्ती इलाका में झारखंड के नेता और कार्यकर्ता चुनावी समर में अपना योगदान देंगे।
विधायक राम ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र बाबू उनके पिता के अच्छे मित्र थे। कहा कि उनके पिता के चुनाव में उन्होंने पारिवारिक धर्म का पालन करते हुए पिता को हमेशा सहयोग प्रदान करते रहे हैं। संभावना व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि इस बार के चुनाव में भी अनूप सिंह बिहार के चुनाव में अपनी सेवा प्रदान करेंगे। कहा कि निश्चित रूप से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी, और बिहार खुशिहाली के राह पर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह, कर्मा के पंचायत समिति सदस्य हरि राम, नवीनगर के पूर्व प्रखंड प्रमुख संजीव सिंह, झूलन सिंह, सत्येंद्र सिंह, बैजनाथ सिंह, सुरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शिक्षक कुंदन सिंह, आकाश कुमार सिंह, अनुज सिंह, राम करेश रजक, महेंद्र रजक, मदन रजक सहित आसपास के गांव के सैकड़ो रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply