प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सटीक व तकनीकी रूप से सशक्त बनाने हेतु बोकारो विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों के नजरी नक्शा और जियो- फेंसिंग से संबंधित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण बीते 17 जून से 21 जून तक बोकारो जिले के तीन स्थानों यथा चास अनुमंडल कार्यालय, चास नगर निगम कार्यालय और बीडीओ कार्यालय चास में आयोजित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा कर रही हैं। बीएलओ को प्रोजेक्टर एवं फील्ड डेमो के माध्यम से बताया जा रहा है कि गूगल मैप के जरिए बूथ का जियो फेंसिंग कैसे किया जाए। साथ हीं नजरी नक्शा में अक्षांश-देशांतर, घरों की संख्या और प्रमुख स्थलों को कैसे दर्शाया जाए।
प्रत्येक बीएलओ को तीन फॉर्मेट दिए गए हैं। दो नजरी नक्शे के लिए और एक जियो फेंसिंग के लिए। यह कार्य आगामी 28 जून तक पूर्ण कर संबंधित कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया है। प्रशिक्षण में बीडीओ चास डॉ प्रदीप कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी सत्यबाला सिन्हा, जया कुमारी, शिव कुमार बाउरी समेत कई पदाधिकारी मास्टर ट्रेनर के रूप में योगदान दे रहे हैं।
![]()













Leave a Reply