Advertisement

गरगा डैम की सुरक्षा और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सतर्क

डैम गेट की खराबी पर जताई नाराजगी, निचले इलाकों में अलर्ट के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 19 जून को शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर गरगा डैम, जल जमाव और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। कहा कि गरगा डैम की स्थिति अभी सामान्य है, लेकिन डैम के 6 में से 4 गेट खराब पाए गए। उपायुक्त ने इसे गंभीर मामला मानते हुए बीएसएल प्रबंधन पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर मरम्मत प्रस्ताव सौंपने तथा डैम की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।

उपायुक्त ने संभावित आपदा की स्थिति में निचले इलाकों के रहिवासियों को सतर्क करने, माइकिंग कराने और राहत केंद्र चिह्नित करने का निर्देश दिया। साथ ही पांडेय पुल के पास गरगा नदी किनारे फैले कचरे पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर निगम को 48 घंटे के भीतर सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया।

तालाबों के किनारे ड्रेस चेंजिंग रूम, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए। गरगा डैम क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी चर्चा की। इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि, उनके लिए नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी विभाग सतर्क रहें और नागरिक प्रशासन का सहयोग करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *