Advertisement

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ गंभीर रूप से घायल, रिम्स रेफर

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे रांची के रिम्स में रेफर कर दिया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इधर उक्त अज्ञात वाहन की गोमिया पुलिस जोरों से तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के स्वांग स्थित डीएवी जूनियर विंग के समीप 12 जून को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे रहिवासी 35 वर्षीय मुकेश यादव के रूप में की गयी है।

जानकारी के अनुसार मुकेश अपने ससुराल हजारी पंचायत के अम्बा टोला से आम लेकर बाइक से अपने घर ढेंढे जा रहा था, इस दौरान जूनियर डीएवी स्कूल से कुछ दूरी पर सड़क किनारे वह गंभीर अवस्था में गिरा मिला। घटनास्थल पर उसकी बाइक के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और सड़क में आम बिखरे पड़े थे। बाइक की स्थिति देखकर पता लगाया जा सकता है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक की सीधी टक्कर हुई है।

इस बीच उक्त सड़क मार्ग से गुजर रहे केदार यादव ने 108 एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल के समीप स्थानीय रहिवासी इकट्ठा हो गए। घायल को एम्बुलेंस की मदद से तत्काल गोमिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया।

वहां से उसे रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश जोरो से कर रही है।
.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *