Advertisement

डीएम के निरीक्षण में सहकारिता कार्यालय में एक परिचारी के अलावे अन्य अनुपस्थित

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली की जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह द्वारा 10 जून को जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित कई सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस क्रम में प्रातः 10:10 बजे हॉस्पिटल रोड हाजीपुर में अवस्थित जिला सहकारिता कार्यालय वैशाली का भी औचक निरीक्षण किया गया।

बताया जाता है कि डीएम द्वारा निरीक्षण के दौरान उक्त कार्यालय में केवल एक कार्यालय परिचारी उपस्थित पाया गया, जबकि अन्य सभी कर्मचारी अनुपस्थित थे। इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का आज का वेतन पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। बताया गया कि सहकारिता भवन के प्रथम तल पर स्थित कोऑपरेटिव बैंक निरीक्षण के समय बंद पाया गया और लिफ्ट भी खराब थी।

बैंक शाखा प्रबंधक ने बताया कि तकनीकी कारणों से लिफ्ट अभी तक चालू नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी कार्यालयों में औचक निरीक्षण जारी रहेगा और अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि इसके पूर्व प्रातः साढे नौ बजे जिलाधिकारी  वर्षा सिंह ने पुलिस लाइन हाजीपुर स्थित मैदान में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने स्वयं अंतिम अभ्यर्थी जत्थे की दौड़, लॉन्ग जंप एवं अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षणों का अवलोकन किया।डीएम सिंह ने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि होमगार्ड बहाली की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और मर्यादित होनी चाहिए, ताकि योग्य, सशक्त एवं कुशल महिला अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने हाजीपुर के हरिवंशपुर ईवीएम वेयरहाउस में चल रहे ईवीएम की प्रथम स्तरीय जाँच की प्रगति का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सभी प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करें। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने वेयरहाउस में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और उनसे अनुरोध किया कि वे प्रतिदिन उपस्थित रहकर पूरे एफएलसी प्रक्रिया का सतत अवलोकन करें, ताकि पारदर्शिता और विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और तकनीकी शुद्धता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *