Advertisement

देश में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू-यदुनाथ पांडेय

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भाजपा के झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय ने एक बार फिर तीखा राजनीतिक बयान देते हुए 10 जून को कहा कि देश में रहने वाले सभी हिंदू हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अगर सरदार पटेल और डॉ भीमराव अंबेडकर नहीं होते तो आज देश का संविधान भी नहीं बचता।

पांडेय ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बोकारो सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने कांग्रेस के संविधान बचाओ आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिसने देश में इमरजेंसी लगाई, आज वही संविधान बचाने की बात कर रहे हैं।

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में देश के प्रधानमंत्री कहते थे कि संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है, जबकि होना यह चाहिए था कि पहला अधिकार हिंदुओं का हो। पांडेय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पति हिंदुस्तान का और पत्नी पाकिस्तान की, ऐसे में बाहर से भी 40-40 परिवार हिंदुस्तान में बसाए गए हैं। लेकिन अब यह सब नहीं चलने वाला।

क्योंकि केंद्र में मोदी जी की मजबूत सरकार है। वन नेशन वन इलेक्शन पर उन्होंने कहा कि 1965 से पहले देश में एक साथ चुनाव होते थे, लेकिन जब कांग्रेस की सत्ता पर पकड़ कमजोर होने लगी, तो राज्यों में अलग-अलग चुनाव करवाना शुरू कर दिया गया। अब समय आ गया है कि फिर से एक देश एक चुनाव की दिशा में आगे बढ़ा जाए। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि इस दौर में देश के सम्मान और स्वाभिमान के साथ कभी समझौता नहीं किया गया और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *