Advertisement

बोकारो पुलिस ने किया बैटरी चोरी कांड का उद्भेदन, 112 बैट्री के साथ आरोपी गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में मोबाईल टावर से हो रही बैटरी चोरी के सिलसिले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी धर्मेंद्र कुमार बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 112 चोरी का बैट्री, एक कार, मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त औजार जब्त किए हैं। बरामद बैटरियों की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 83 हजार रुपये बताई जा रही है।
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने 10 जून को चास मुफ्फसिल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बीएसएनएल, जियो और एयरटेल टावरों से लगातार बैटरी चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसी क्रम में बीते 9 जून को एक मामला चास मुफ्फसिल थाना में दर्ज किया गया था, जिसमें बीते 2 जून को धंडाबार के एयरटेल टावर से बैटरियां चोरी हुई थीं।

उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी धर्मेंद्र कुमार को धनबाद जिला के हद में सरायढेला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर धनबाद के कबाड़ी दुकानदार जावेद की दुकान से चोरी की गई 112 बैट्री बरामद की गई है।

एसपी सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से 10 मामलों का उद्भेदन संभव हो पाया है और पुलिस अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया कि इस कार्रवाई से नेटवर्क टावर कंपनियों को बड़ी राहत मिली है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *