Advertisement

बोकारो में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सख्ती के साथ हटाए गए अवैध ढांचे

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर नाइन स्थित बी रोड क्षेत्र में 9 जून को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बीएसएल प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान में सड़क पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले दुकानों को हटाया गया तथा संबंधित को सख्त चेतावनी दी गई।

जानकारी के अनुसार उक्त अभियान के दौरान बोकारो इस्पात लिमिटेड (बीएसएल) के अतिक्रमण हटाओ दस्ते का नेतृत्व कर रहे अधिकारी कर्नल शेखावत ने कहा कि कुछ अतिक्रमणकारी बोकारो स्टील प्लांट की जमीन पर लगातार अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे सड़क तक संकरी हो गई है और आवागमन बाधित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई दुकानदार सड़क किनारे ज्वलनशील पदार्थ भी रख रहे हैं, जिससे आगजनी जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। हाल ही में ऐसी ही लापरवाही के कारण चार से पांच दुकानें जलकर खाक हो गई थीं।

कर्नल शेखावत ने स्पष्ट किया कि बीएसएल भूमि पर अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क के किनारे 20 फीट की दूरी तक अतिक्रमण न करें और किसी प्रकार का खतरनाक सामान सार्वजनिक स्थानों पर न रखें।

वहीं, फुटपाथ दुकानदार संघ के प्रतिनिधियों ने भी दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी को निर्धारित दूरी का पालन करना चाहिए, ताकि सुरक्षा और स्वच्छता बनी रहे। बताया गया कि अतिक्रमण हटाने से पहले माइक से घोषणा कर अतिक्रमणकारियों को सूचित किया गया था। अभियान के दौरान सड़क पर गंदगी फैलाने वालों को भी चेतावनी दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *