Advertisement

वैशाली जिले में अलग-अलग सड़क हादसे में दो की मौत, एक दर्जन घायल

प्रहरी संवाददाता हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन 22 पर दो अलग-अलग घटनाओं में कार और ट्रक दुर्घटना में दो की मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 10 का सवारों का इलाज हाजीपुर और पटना में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना सुबह एनएच 22 के गोरौल थाना क्षेत्र के गोढिया सब्जी मंडी के निकट घटित हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर हीं मौत हो गई, जबकि चार कार सवार घायल बताये जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना में मृतकों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के गोढिया चमन रहिवासी योगेंद्र शाह के 40 वर्षीय पुत्र मनोहर कुमार एवं खिरखौआ रहिवासी बैजनाथ पटेल के 42 वर्षीय पुत्र सरोज पटेल के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार कार पर सवार होकर सभी मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ीया गांव बारात गए थे। बारात से लौटने के क्रम में बीते 5 जून की सुबह करीब तीन बजे गोढिया सब्जी मंडी के निकट कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

दूसरी दुर्घटना हाजीपुर मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर सराय थाना क्षेत्र के सराय टोल प्लाजा के निकट अनियंत्रित स्कॉर्पियो के बालू लोड ट्रक से टकराने से चालक सहित आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। वहीं, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी सराय थाना की पुलिस को दी गयी। सुचना पर पहुंची सराय पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है।

बताया जाता है कि पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल प्रखंड के नया टोला ढाका रहिवासी अशोक भगत के पुत्र शशि रंजन को अग्नि वीर योजना के तहत सेना में नौकरी हुई थी। दानापुर में ट्रेनिंग पूरा करने के बाद वह अपने पूरे परिवार के साथ अपने घर रक्सौल लौट रहा था। इस दौरान सराय टोल प्लाजा के निकट बालू लोड ट्रक से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टकरा गई। जिसमें चालक सहित आधा दर्जन स्कार्पियो सवार घायल हो गये।

हादसे में घायल रक्सौल रहिवासी नवाव आलम के 20 वर्षीय पुत्र सरवर आलम, अशोक भगत के पुत्र शशि रंजन, जग बहादुर भगत के 55 वर्षीय पुत्र हरिश्चंद्र भगत, हरिचंद भगत के 50 वर्षीया पत्नी रीता देवी, अशोक भगत के 21 वर्षीय पुत्र मदन कुमार, अशोक भगत के 22 वर्षीय पुत्र रविंद्र भगत बताया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *