Advertisement

शहीद स्मारक पर असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ से झामुमो कार्यकर्ताओं में रोष

शहीद स्मारक को नुकसान पहुँचाना सामाजिक भावनाओं से खिलवाड़-दुर्गा देवगम

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा स्थित शहीद स्मारक परिसर में लगाए गए।

पानी नल को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की घटना से इलाके में नाराजगी है। खासकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं में इस कृत्य को लेकर तीव्र आक्रोश देखा जा रहा है। झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता वृन्दावन गोप ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

झामुमों के वरीय कार्यकर्ता मो. तबारक, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा देवगम, पूर्व मुखिया कपिलेश्वर दोंगों एवं बामिया माझी ने आरोप लगाया है कि यह घटना सुनियोजित रूप से स्मारक की गरिमा को ठेस पहुँचाने के उद्देश्य से की गई है। उपरोक्त नेताओं ने कहा है कि शहीदों की याद में बनाए गए इस स्मारक को नुकसान पहुँचाना न सिर्फ सामाजिक भावनाओं से खिलवाड़ है, बल्कि यह झारखंड आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत का अपमान भी है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय रहिवासियों के अनुसार, स्मारक परिसर में सार्वजनिक सुविधा के लिए पानी नल लगाया गया था, जिससे आगंतुकों और श्रद्धांजलि देने आने वालों को सुविधा हो सके। लेकिन बीते 22 अप्रैल की रात्रि में कुछ अराजक तत्वों ने नल को क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलते ही गुवा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

झामुमो कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे आंदोलनात्मक रुख अपनाने को बाध्य होंगे। शहीद स्मारक को लेकर रहिवासियों की भावना गहराई से जुड़ी है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं, बल्कि असामाजिक मानसिकता को भी उजागर करती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *