सारण जिला में कुल 2116 स्थलों पर होगा कार्यक्रम का आयोजन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 18 अप्रैल को राजधानी पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का लाइव वेबकास्टिंग सभी जिलों में किया गया।
इसी क्रम में महिला संवाद रथ रवानगी में सारण जिला मुख्यालय छपरा में जिलाधिकारी अमन समीर, उप विकास आयुक्त यतेन्द्र कुमार पाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। इस तरह आज से ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत जीविका के माध्यम से पूरे बिहार राज्य में महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं एवं कार्यों के विषय में महिलाओं को जानकारी प्रदान करना है। महिलाओं को अपने गांव या टोलों की समस्याओं एवं आकांक्षाओं को चिन्हित कर उसकी प्राथमिकता निर्धारण करने के लिए अवसर प्रदान करना भी एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
बताया जाता है कि संवाद के दौरान प्राप्त समस्याओं का विभिन्न स्तरों पर त्वरित समाधान किया जाएगा। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सरकार की योजनाओं के सूत्रण एवं नीति निर्धारण में महिलाओं की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समाहित करने का प्रयास सरकार द्वारा किया जाएगा।
इस उद्देश्य से महिला संवाद रथ के माध्यम से विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं के साथ संवाद किया जाएगा।
महिला संवाद” रथ को हरी झंडी दिखाकर डीएम ने किया रवाना
सारण जिला में 18 महिला संवाद रथ के माध्यम से इस कार्यक्रम का आयोजन जिला के हद में 2116 निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। आगामी दो महीनों में सभी निर्धारित स्थलों पर इस कार्यक्रम का आयोजन जीविका के सक्रिय सहयोग से सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन के उपरांत जिलाधिकारी अमन समीर ने समाहरणालय परिसर से महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, डीपीएम जीविका सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
62 total views, 4 views today