Advertisement

बाजारटांड़ व् क्षेत्रीय अस्पताल में दो गुटों में आपसी भिड़ंत, सात घायल

विवाद का कारण रास्ते के बीच शौचालय का निर्माण कार्य

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बोड़िया दक्षिणी पंचायत के बाजारटांड़ कथारा में 18 अप्रैल की देर संध्या दो गुटों में आपसी भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों गुट से कई घायल हो गए। घायल जब अस्पताल पहुंचे वहां भी दोनों पक्ष आपस में भीड़ गए। क्षेत्रीय अस्पताल कुछ देर के लिए रणक्षेत्र बन गया। इस क्रम में दोनों पक्ष से कुल सात महिला पुरुष घायल हो गए। घायलों का उक्त अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक द्वारा बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र भेज दिया गया।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजारटांड़ रहिवासी प्रदीप राम द्वारा अपने घर के बगल में शौचालय निर्माण कराया जा रहा था, इस दौरान दूसरे पक्ष के दुर्गा देवी तथा प्रीतम राम द्वारा शौचालय निर्माण से रास्ता अवरुद्ध नहीं करने की सलाह देते हुए मार्ग से हट कर शौचालय निर्माण की बात कही गई, इसे लेकर लगभग दो दिन पूर्व दोनों पक्षों में तना तनी हो गया।

बताया जाता है कि दूसरे पक्ष द्वारा बीते 17 अप्रैल को बोकारो थर्मल थाना को इसकी लिखित सूचना देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गयी। इस दौरान बीते 17 अप्रैल की संध्या कथारा ओपी प्रभारी विवादित स्थल पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान ओपी प्रभारी का क्षेत्राधिकार नहीं होने की आपत्ति पर ओपी प्रभारी बैरंग वापस लौट गए।

इसके बाद 18 अप्रैल की दोपहर बोकारो थर्मल थाना के सहायक अवर निरीक्षक बैजू मरांडी विवादित स्थल पर पहुंच कर विवाद के निपटारे तक किसी प्रकार के निर्माण पर रोक लगाया गया। इसके बाद स्थिति विस्फोटक हो गई और देर संध्या दोनों पक्ष आपस में उलझ गए।

इस क्रम में दोनों पक्षों से कई घायल हो गए, जिन्हें सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। यहां भी चिकित्सक तथा अस्पताल कर्मियों के समक्ष ही दोनों पक्ष पुनः मार पीट पर उतारू हो गए और आपस में लात घूंसों की बौछार कर दी। आनन फानन में अस्पताल कर्मियों द्वारा बोकारो थर्मल थाना तथा कथारा ओपी को सूचना दी गई।

सूचना पाकर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय सिंह, पुअनि भगीरथ महतो, सहायक अवर निरीक्षक बैजू मरांडी, कथारा ओपी के सअनि कृष्णा नंद पाठक पुलिस बल तथा महिला होम गार्ड के साथ अस्पताल पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया, इस कार्य में बोड़िया दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया घनश्याम प्रसाद तथा युवा कांग्रेस बेरमो प्रखंड अध्यक्ष विजय पटेल द्वारा पुलिस टीम को सहयोग किया गया।

बताया जाता है कि इस मारपीट की घटना में एक पक्ष के प्रदीप राम की 45 वर्षीय पत्नी बसंती देवी, स्वर्गीय विजय राम के 46 वर्षीया विधवा भूट्टू देवी, अर्जुन राम के 22 वर्षीय पत्नी पूजा देवी जबकि दूसरे पक्ष से प्रेम राम के 34 वर्षीय पुत्र प्रीतम राम तथा उसकी 28 वर्षीय पत्नी दुर्गा देवी, संतोष राम की 32 वर्षीय पत्नी कविता देवी, कुलदीप राम के 22 वर्षीय पुत्र सुनील राम घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल परिसर में मारपीट के क्रम में झगड़ा छुड़ाने गये मालती देवी के कपड़े फाड़ दिए गए तथा बबलू राम का टी-शर्ट भी फाड़ दिया गया, साथ हीं कविता देवी बेहोश होकर अस्पताल के फर्स पर गीर गयी। दूसरे पक्ष द्वारा अर्जुन राम उर्फ गुज्जु राम, गोली कुमार उर्फ बैंगा, विष्णु राम उर्फ बुटका, शिवा कुमार, राजू राम तथा करण राम पर मार पीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले में नजर बनाए हुए है। बावजूद इसके दोनों पक्षों में तनाव देखा जा रहा है। समाचार प्रेषण तक किसी पक्ष द्वारा मामला दर्ज किए जाने की कोई सूचना नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *