Advertisement

प्रखंड कार्यालय में पोषण पखवाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय सभागार में पोषण पखवाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन में स्थानीय बीडीओ एवं सीओ मुख्य रूप से उपस्थित थे।

जानकारी के अनुसार गोमियां प्रखंड कार्यालय सभागार में 17 अप्रैल को पोषण पखवाड़ा के तहत कलक्टर स्तर पर भव्य व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो एवं अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम उपस्थित थे।

आयोजित प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न सेक्टरों की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सेविकाओं ने तीन श्रेणियों में व्यंजन प्रस्तुत किए, जिसमें बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार जैसे चावल-दाल से बने व्यंजन, गर्भवती और धात्री महिलाओं को दिए जाने वाले रेडी टू ईट सामग्री से बने व्यंजन तथा स्थानीय पारंपरिक खाद्य सामग्री से तैयार व्यंजन।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपने-अपने स्टॉल पर व्यंजनों की सुंदर तरीके से प्रस्तुति की और पोषण से भरपूर आहार को दर्शाया। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लाभार्थियों को केंद्रित सेवाओं की गुणवत्ता सुधारना था।

इस अवसर पर बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि प्रखंड के विभिन्न कलस्टरों के आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित कराया गया है। कहा कि प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले को जिला स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।

जिला में अव्वल आनेवाले को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि आशा है कि आप सभी गोमिया प्रखंड से भी व्यंजन प्रतियोगिता में अव्वल आकर प्रखंड का नाम रौशन करें। प्रतियोगिता कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मीनू कुमारी, कुमारी चेतना, नीतू सिंह, रीता कुमारी, कंचन कुमारी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद थीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *