Advertisement

कसमार प्रखंड कार्यालय में पीयर लीडर्स इंटरफेस की बैठक आयोजित

किशोरी व् महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता जरूरी-बीडीओ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड कार्यालय में 17 अप्रैल को सहयोगिनी संस्था द्वारा किशोरी इंटरफेस बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, फ्रंट लाइन वर्कर, सामुदायिक नेता एवं लाइन डिपार्टमेंट प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी डे ने कहा कि हमें अपने भीतर की शक्ति को पहचानना होगा। बाल विवाह, बाल यौन शोषण और मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि हर लड़की द्रोपदी मुर्मू, प्रतिभा पाटिल, इंदिरा गांधी और सुनीता विलियम्स बन सकती है, यदि वह खुद को पहचान ले।

कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अपनी एक अलग पहचान बनानी चाहिए। सभी लड़की और महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए और उन्हें दृढ़ता से अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी से बाल विवाह, बाल श्रम, बाल यौन शोषण और बाल तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सहयोगिनी की सूर्यमणि देवी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान किशोरी पीयर लीडर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे वे अपने गांवों में सामाजिक बदलाव की दिशा में कार्य कर रही हैं।

बीडीओ ने सक्रिय पीयर लीडर्स को प्रोत्साहित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें सम्मानित भी किया।
मौके पर उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे बाल अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

इस संबंध में सहयोगिनी के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि सहयोगिनी संस्था कसमार प्रखंड के 7 पंचायत के 30 गांव में किशोरियों के नेतृत्व क्षमता को विकसित करने को लेकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि समाज की वंचित पीड़ित किशोरियों व् महिलाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें शसक्त बनाया जा रहा है। बताया कि वर्तमान में प्रखंड क्षेत्र कि लगभग सभी पंचायत में किशोरियों के साथ लाइफ स्किल्स, जेंडर, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण एवं कौशल विकास को लेकर ट्रेनिंग दिया जा रहा है।

उक्त कार्यक्रम में मुख्य महिला पर्यवेक्षिका सुषमा गुप्ता, सरिता कुमारी, सहयोगिनी की कुमारी किरण, बिनीता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, प्रतिमा देवी, मंजू देवी, नीतू कुमारी, रवि कुमार राय, अमरजीत कुमार, आंगनबाड़ी सेविका नीलम देवी, रेखा देवी, रूपा देवी, राशन देवी, शीला देवी, कौशल्या देवी, नर्मदा देवी आदि उपस्थित रहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *