सोनपुर मंडल के स्काउट एवं गाइड ने की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन
में 17 अप्रैल को 69वां रेल सप्ताह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विवेक भूषण सूद ने सोनपुर मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा के लिए चयनित रेलकर्मियों को प्रशस्ति – पत्र प्रदान करते हुए मंडल स्तरीय रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया।
मंडल स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के क्रम में डीआरएम सूद ने सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तदुपरांत उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट सेवा के लिए 69वें रेल सप्ताह के तहत चयनित 53 रेलकर्मियों को रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया।

इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर डीआरएम ने सोनपुर मंडल की गत वितीय वर्ष में प्राप्त प्रमुख उपलब्धियों का संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि हाल में मार्च माह में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर रेल सप्ताह समारोह में सोनपुर मंडल को वित्तीय वर्ष 2023 – 24 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 8 शील्ड मिली है। इन सब उपलब्धियों में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान है।
डीआरएम सूद ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों को साधुवाद देने के साथ उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि पुरस्कार हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। साथ ही, अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए भी आत्मबल प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर के 134वीं जयंती के अवसर पर मंडल में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी डीआरएम द्वारा पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार समारोह के अवसर पर सोनपुर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मंजू सूद व विभिन्न सदस्याएं, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती सहित सोनपुर मंडल के विभिन्न उच्चाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ रेलकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सोनपुर मंडल के स्काउट एवं गाइड सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। पूरे कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
![]()













Leave a Reply